अंबिकापुर। शराब पीने के बाद कीटनाशक का सेवन करने के अलग-अलग मामले में एक युवक सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
जानकारी के मुताबिक सरगुजा जिले के धौरपुर थाना अंतर्गत ग्राम बरडीह निवासी गंगाराम जगते 56 वर्ष, एक अक्टूबर की सुबह शराब के नशे में कीटनाशक का सेवन कर लिया था। इसकी जानकारी मिलने पर स्वजन उसे धौरपुर स्वास्थ्य केन्द्र ले गए, यहां इलाज के दौरान 3 अक्टूबर की शाम लगभग 5 बजे वह किसी को बिना बताए भाग गया था। 6 अक्टूबर को तबियत बिगड़ने पर स्वजन उसे पुन: धौरपुर स्वास्थ्य केन्द्र ले गए, यहां से रेफर करने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया था, यहां इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। दूसरे मामले में सूरजपुर जिला के भैयाथान का विमलेश पिता रामनरेश कंवर 20 वर्ष, 7 अक्टूबर की रात को शराब के नशे में कीटनाशक का सेवन कर लिया था। इसकी जानकारी वह स्वयं घर के सदस्यों को दिया, इसके बाद उसे भैयाथान स्वास्थ्य लाया गया, यहां से रेफर करने पर स्वजन उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराए थे, यहां मंगलवार को अलसुबह उसकी मौत हो गई। एक अन्य मामले में जशपुर जिला के पत्थलगांव थाना अंतर्गत ग्राम बटुराबहार की मुन्नी बाई पति जोगीराम राउत 58 वर्ष, बीते 5 अक्टूबर की शाम को शराब का सेवन करने के बाद नशे की हालत में कीटनाशक का सेवन कर ली। पत्थलगांव अस्पताल में प्राथमिक चिकित्सा के बाद रेफर करने पर स्वजन उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां इलाज के दौरान सोमवार की रात 11.30 बजे वह दम तोड़ दी। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के बाद उनके स्वजनों को सौंप दिया है।

Categorized in: