पूर्व राज्यसभा सांसद ने कहा-भाजपा ने १५ वर्ष में प्रदेश का किया चहुंमुखी विकास

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार ने न सिर्फ जिले व संभाग के लोगों को छलने का काम किया है बल्कि विकास के नाम पर भ्रष्टाचार किया है। इस सरकार ने केवल भ्रष्टाचार और जनता के साथ छल करने का काम किया है। ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। एक भी वर्ग ऐसा नहीं है, जो कांग्रेस सरकार के कुशासन में पीड़ित न हो। प्रदेश में भाजपा की सरकार आती है तो भ्रष्टाचारियों से उल्टा लटकाकर हिसाब लेंगे, इनकी जगह जेल होगी। भाजपा ने अपने १५ वर्ष के कार्यकाल में सरगुजा संभाग का चहुंमुखी विकास किया। उक्त बातें मंगलवार को पूर्व राज्यसभा सांसाद रामविचार नेताम ने भाजपा कार्यालय, संकल्प भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही।

पूर्व राज्यसभा सांसद ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में कलेक्टर जैसे संवैधानिक पद पर बैठे लोग, जो आमजनों के विश्वास का प्रतीक हैं, वे एटीएम बनकर रुपये कलेक्ट करने में लगे हैं। कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक गलत-सही काम करके अपने आका को खुश करने सारी मर्यादाएं तोड़ रहे हैं। बड़े पैमाने पर २१०० करोड़ का शराब का गोरखधंधा ईडी ने पकड़ा। खाद्य मंत्री के जिले में रहते उनके इशारे व संरक्षण में गरीबों का राशन डकार लिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना काल में घरों तक अनाज पहुंचाने प्रति व्यक्ति पांच किलो चावल दिया, प्रदेश की सरकार ने इसका सत्यानाश कर पांच हजार करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार किया गया। सरगुजा में बड़े पैमाने पर राशन की अफरातफरी हुई। प्रदेश सरकार ने गोठान के नाम पर १३ सौ करोड़ का घोटाला किया है। ठगेश सरकार ने सभी वर्गों को ठगने का काम किया है। इनके कारनामों में आईएएस, आईपीएस अधिकारी ही नहीं विधायक भी शामिल हैं। बिजली की अवैध कटौती चल रही है। मनमाना बिजली बिल दिया जा रहा है, बिजली के करंट से ज्यादा बिजली बिल का करंट लग रहा है। श्री नेताम ने कहा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा का आरोप पत्र जारी किया है। आरोप पत्र कांग्रेस के कारनामों का दस्तावेज है, जिसे प्रदेश की जनता को बताना है। कांग्रेस ने चुनाव के दौरान ३६ वादे किए थे पर पूरा नहीं किया। सरगुजा की जनता सरकार से विकास की गति देने की मांग करती रही पर सरकार द्वारा केवल उपेक्षा की गई। केवल केंद्र सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजना चलाई जा रही है। पत्रकारों से चर्चा के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, त्रिलोक कपूर कुशवाहा, अभिमन्यु गुप्ता, अनिल सिंह मेजर, रसिक परमार, संतोष दास, रूपेश दुबे सहित अन्य उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ को बनाएंगे शांति का टापू और विकसित राज्य
पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ को शांति का टापू और विकसित राज्य बनाने के लिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकेगे। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कल्पना भ्रष्टाचार मुक्त राज्य की है, इसे साकार किया जाएगा। इस सरकार ने केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को भी भ्रष्टाचार का जरिया बना डाला है। जल जीवन मिशन का घटिया काम होने के कारण कहीं टंकी गिर रही है, तो कहीं पाइप फट रहा है। गरीब, युवा बेरोजगार, संविदा कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बुजुर्ग, दिव्यांग ही नहीं इन्होंने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों, नर्सों, जिन्होंने कोविडकाल में समर्पित होकर कार्य किया, उन्हें भी नहीं छोड़ा।

Categorized in: