बेटी का एक्सीडेंट में टूट गया था पैर, शिकायत सत्यापन के लिए किया रिश्वत की मांग

अंबिकापुर। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने कोरिया जिला के पंडोपारा पुलिस सहायता केंद्र में पदस्थ एएसआई व एक निजी व्यक्ति को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक कोरिया जिला के पटना थाना अंतर्गत ग्राम खोड़ निवासी मो. शाह खान ने एंटी करप्शन ब्यूरो, अंबिकापुर में शिकायत की थी कि उसकी छोटी बेटी आशिया नाज को अश्वनी कुमार उर्फ पिन्टू निवासी ग्राम खोड़ अपने मोटरसायकल से एक्सीडेंट कर दिया था, जिससे उसकी बेटी का पैर टूट गया था। 27.09.2025 को वह थाना पटना में एफ.आई.आर. दर्ज कराया था। रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस सहायता केन्द्र पण्डोपारा, थाना पटना के ए.एस.आई. विवेचक पी. टोप्पो से मुलाकात करने पर अंतिम रिपोर्ट तैयार करने तथा आरोपी से इलाज का खर्चा दिलवाने के नाम पर 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। पीड़िता का पिता रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत सत्यापन के दौरान आरोपी पी. टोप्पो के द्वारा 10 हजार रुपये की जगह 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जाने लगी, जिसमें से 3000 रुपये एडवांस के रूप में ले लिया था। इसी क्रम में 17.10.2025 को ट्रेप आयोजित कर आरोपी ए.एस.आई. पी. टोप्पो एवं उसके सहायक, एक निजी व्यक्ति राजू कुमार देवांगन को प्रार्थी से दूसरी किश्त के रूप में 12 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके उनके विरुद्ध धारा 7 एवं 12 पीसी एक्ट 1988 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Categorized in: