अंबिकापुर। सर्पदंश की दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक सूरजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सोनपुर का आत्मा सोनी पिता छोटेलाल सोनवानी 32 वर्ष, बुधवार को खाना खाकर अपनी पत्नी, और ढाई वर्ष, 5 वर्ष व 8 वर्ष की बेटियों के साथ पलंग में सो रहा था, इसी दौरान किसी जहरीले सांप ने उसके हाथ के नस व पैर में डस लिया। कुछ काटने का एहसास होने पर वह आवाज लगाकर अपनी पत्नी और भाई को इसकी जानकारी दिया। हाथ-पैर में दर्द व शरीर में ऐंठन होने पर स्वजन उसे अलसुबह 5 बजे जिला अस्पताल सूरजपुर लेकर पहुंचे, यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाते तक वह दम तोड़ दिया था। आपातकालीन चिकित्सा परिसर में मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चियों के सिर से पिता का साया हटने से स्वजन व्यथित हैं। मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

खेत में काम करते वक्त काटा सांप
दूसरी घटना में बतौली के बांसाझाल निवासी प्रदीप कुजूर पिता विजय कुजूर 28 वर्ष, को 15 जुलाई की दोपहरी में खेत में काम करते वक्त जाड़ा सांप काट लिया था। स्वजन युवक को होलीक्रॉस अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां गुरूवार को सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है।

Categorized in: