मौके पर पहुंची पुलिस व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच कर मृतक के स्वजन व ग्रामीणों से पूछताछ की
अंबिकापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम परसा, हड़हुड़पारा में लघुशंका के लिए अलसुबह निकले एक मजदूर युवक का गला रेतकर नृशंस हत्या कर देने का मामला प्रकाश में आया है। कुएं में छटपटाते मजदूर को आसपास के ग्रामीणों के सहयोग से बाहर निकाल कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से सदमे में आई मृतक की पत्नी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक परसा हड़हुड़पारा का मुन्नाराम चेरवा पिता पोटेला चेरवा 40 वर्ष, गुरूवार को खाना खाने के बाद एक कमरे में अपनी पत्नी हीरामनी के साथ सोया था, बच्चे अलग कमरे में सो रहे थे। शुक्रवार को अलसुबह 3 से 4 बजे के बीच वह लघुशंका के लिए गया था, इसके बाद वापस कमरे में नहीं आया। काफी देर होने के बाद भी जब पति वापस नहीं लौटा तो हीरामनी घर से बाहर निकली। घर के बाहर चौखट के पास खून का धब्बा और साउंड बॉक्स के ऊपर रक्तरंजित चाकू रखा देखकर वह स्तब्ध रह गई। इसके बाद वह अपने देवर पुसराज को उठाई, बच्चे भी शोरगुल सुनकर उठ गए। अलसुबह अंधेरा होने के कारण वे टार्च लेकर बाहर निकले और जगह-जगह गिरे खून की बूंदों को देखते लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित गांव के ही नंदलाल और दर्रो के एक साथ सटे शौचालय तक पहुंचे। यहां नंदलाल के शौचालय में चारों ओर खून का छींटा देखने को मिला, लेकिन मुन्ना राम चेरवा यहां नहीं था। इसी शौचालय के पास स्थित कुएं के पास भी खून का छींटा था और अंदर से कुछ आवाज आ रही थी। जब वे टार्च की रोशनी में कुएं के अंदर झांककर देखे तो लहूलुहान मुन्ना राम चेरवा छटपटा रहा था। गांव के लोगों के सहयोग से कुएं से निकालते तक उसकी सांस चल रही थी। स्वजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर पति की हालत देखने के बाद पत्नी हीरामनी सदमे में पहुंच गई, उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
घर के पास रहने वाले लोगों से था पुराना रंजिश
बताया जा रहा है कि मृतक का घर के पास रहने वाले लोगों से विवाद था, ऐसे में हत्या के संदेह की सुई उन पर घूम रही है। घटना की सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी व एफएसएल की टीम मौके पर घंटों डटी रही। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी प्रथम घटनास्थल मृतक के शौचालय को मान रहे हैं। इसके बाद उसे बलपूर्वक नंदलाल के शौचालय तक ले जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है। मौके की स्थिति को देखने के बाद प्रतीत हो रहा है कि घटना को किसी एक व्यक्ति के द्वारा अंजाम दे पाना असंभव है। हालांकि मौके पर मृतक को घसीटकर ले जाने जैसा कोई निशान नहीं मिला है। पुलिस हर बिंदुओं की पड़ताल करके अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया गया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम परसा में एक मजदूर युवक का शव पड़ोसी के कुएं में मिला है, जिसका गला में चाकू जैसे औजार से काटने का निशान है। मामला हत्या का है। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच कर जांच में जुटी है।
अमोलक सिंह ढिल्लो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा

Categorized in: