रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में 184 जंगली हाथियों के विचरण के बीच 42 हाथियों का दल घोघरा डैम में नहाते ड्रोन कैमरे में कैद हुआ। हाथी मित्र दल ने ग्रामीणों को जंगल में तेंदुपत्ता तोड़ने से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज अंतर्गत सिंघीझाप परिसर में घोघरा डैम में जंगली हाथियों के नहाने का एक वीडियो सामने आया है। धरमजयगढ़ वन मंडल में जंगली हाथियों की बड़ी संख्या को देखते हुए वन विभाग और हाथी मित्र दल के सदस्यों ने ग्रामीणों को तेंदुपत्ता तोड़ने जंगल जाने के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ वन मंडल में वर्तमान में 184 जंगली हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं, जिनमें 49 नर, 95 मादा और 40 शावक शामिल हैं। शुक्रवार शाम छाल रेंज के सिंघीझाप परिसर के कक्ष क्रमांक 502 (आरएफ) में 42 जंगली हाथियों का दल घोघरा डैम में नहाते हुए हाथी मित्र दल ने ड्रोन कैमरे में कैद किया। हाथी मित्र दल के सदस्यों ने बताया कि यह दल लामीखार, सिंघीझाप, देउरमाल और कोशलपुर की ओर जा सकता है। इसके मद्देनजर इन गांवों के ग्रामीणों से सतर्क रहने और तेंदुपत्ता तोड़ने जंगल न जाने की अपील की गई है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Categorized in: