बिलासपुर। अवैध रेत उत्खनन रोकने गए नायब तहसीलदार पर जानलेवा हमला किया गया है। टीम को जानकारी मिली थी कि रेत का अवैध खनन हो रहा है। जिसके बाद नायब तहसीलदार रोकने गए थे। जिसके बाद नायब तहसीलदार पर ड्राइवर ने ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। हालांकि, वो बाल-बाल बच गए। ड्राइवर रेत खाली कर वहां से ट्रैक्टर लेकर भाग निकला। नायब तहसीलदार ने इस मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में एक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।

ट्रैक्टर चढ़ाने का किया प्रयास
जिले के रतनपुर इलाके में लगातार अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं। रविवार को भी अवैध रेत खनन हो रहा था जिसकी शिकायत मिलते ही नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि नदी के आसपास बड़े पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन चल रहा है। नायब तहसीलदार राहुल साहू ने मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान नायब तहसीलदार ने रेत से भरे एक ट्रैक्टर को रोका। ड्राइवर ने वहीं रेत खाली कर दी और मौके से भागने की कोशिश करने लगा। जब तहसीलदार बीच में आए तो ड्राइवर ने उनके पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। उन्होंने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं, ट्रैक्टर लेकर ड्राइवर तेजी से बस्ती की ओर भाग निकला।

आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार
मामले की जानकारी देते हुए रतनपुर टीआई नीलेश पांडेय ने कहा- नायब तहसीलदार ने जानलेवा हमले की शिकायत दर्ज कराई थी। नायब तहसीलदार की शिकायत पर ट्रैक्टर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है। वहीं, प्रशासन ने साफ किया है कि रेत माफियाओं को चेतावनी दी है। प्रशासन का कहना है कि अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

Categorized in: