चोरी की मंशा नहीं हुई पूरी, दुकान संचालक ने सीसीटीव्ही खंगाला तो नजर आया चोर

अंबिकापुर। नगर के सदर रोड स्थित जगदम्बा आभूषण भंडार में दो दिन पूर्व रात को लगभग 11.30 बजे बुर्का पहनकर घुसे चोर ने चोरी का प्रयास किया। घटना की जानकारी दुकान संचालक को रविवार को देर शाम हुई। इसकी सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी गई है।

जानकारी के मुताबिक सदर रोड में स्थित जगदम्बा आभूषण भंडार के संचालक व स्टाफ रोजाना की भांति 13 दिसम्बर, शनिवार को अपना कारोबार समेटकर रात लगभग 9.30 बजे घर चले गए थे। 14 दिसम्बर, रविवार को दुकान संचालक व कर्मचारी दुकान पहुंचे तो एक फेस में बिजली नहीं थी। दुकान संचालक ने सोचा, लाइट गोल होगा, इसके बाद सभी अपने काम पर लग गए। दिनभर दुकान के संचालक व कर्मचारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। देर शाम तक जब लाइट नहीं आई तो उन्होंने एक बिजली मैकेनिक को बुलाया। मैकेनिक जब लाइन चेक करने के लिए दुकान के प्रथम तल पर गया तो पाया कि सीसीटीवी कैमरा व बिजली के मेन लाइन का तार कटा हुआ था। मैकेनिक ने मुख्य बिजली लाइन में शॉर्ट-सर्किट होने की संभावना जताते हुए इसकी जानकारी दुकान के संचालक को दी थी। संभावना और संदेह की स्थिति का निराकरण करने के लिए जब दुकान में लगे सीसीटीव्ही कैमरे का रिकार्ड चेक किया गया, तो पता चला कि 13 दिसम्बर की रात लगभग 11.33 बजे एक युवक बुर्का पहनकर छत के रास्ते से दुकान में प्रवेश किया और बिजली लाइन से छेड़छाड़ करने किया था। वीडियो में संदिग्ध युवक दुकान में प्रवेश करते और बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहा था, लेकिन दुकान में चोरी करने की मंशा में वह सफल नहीं हो पाया।

पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया
दुकान संचालक कृष्णा सोनी ने बताया कि उनके दुकान के बगल में निर्माण कार्य चल रहा है, उसी रास्ते से होकर चोर दुकान में प्रवेश किया होगा। बुर्का पहनकर दुकान के अंदर घुसने का प्रयास और बिजली के मुख्य लाइन से छेड़छाड़ का नजारा सीसीटीवी में कैद होने के बाद दुकान संचालक की ओर से इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई है। चोरी के असफल प्रयास की सूचना पर पुलिस ने सोमवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के बाद अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।

आभूषण दुकान के सीसीटीव्ही में जिस चोर की तस्वीर कैद हुई है, उसके स्थानीय होने की संभावना कम है। चोरी की कोशिश के पूर्व रेकी की संभावना को बल मिल रहा है। इस प्रकार की घटना को अकेले अंजाम देने की कोशिश करना असंभव प्रतीत हो रहा है। पुलिस टीम अग्रिम जांच, विवेचना में जुटी है।
शिशिरकांत सिन्हा, टीआई कोतवाली

Categorized in: