अंबिकापुर। अंबिकापुर-रामानुजगंज मार्ग, एनएच 343 में मंगलवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बस में सवार एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। दो यात्री बस के नीचे दब गए, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकालने में सफलता मिली। दुर्घटना तेज रफ्तार में ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान हुई। ट्रक से टकराकर बस के पलटने से मौके पर कोहराम की स्थिति बन गई। हादसे के बाद बस और ट्रक के चालक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची राजपुर थाना पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के मुताबिक सूरज बस क्रमांक सीजी 15 डीएक्स 5552 का चालक रोजाना की भांति सवारियों को लेकर अंबिकापुर से गढ़वा जाने के लिए निकला था। बस में दो दर्जन के लगभग यात्री सवार थे। झींगों और अलखडीहा के बीच खोडरो जंगल को पार करते समय सामने से आ रही ट्रक क्रमांक सीजी 15 ईसी 0579 से हुई जोरदार टक्कर के बाद बस पलट गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर रास्ते से आने-जाने वालों के कदम थम गए। इधर ट्रक पेड़ से टकराकर रूक गई। हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों ने इसकी सूचना तत्काल राजपुर थाने की पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस में सवार लोगों को राहगीरों की मदद से बाहर निकाला। हादसे में अंबिकापुर से बलरामपुर जा रहे देवेंद्र सिंह और अंबिकापुर से ही शादी का न्योता लेकर बासेन जा रही महिला वृंदा भुइया 30 वर्ष, बस के गेट के पास खड़े थे, जो बस के नीचे दब गए। वृंदा का दायां पैर बुरी तरह से कुचल गया। दोनों को लगभग 2 घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से बाहर निकाने में सफलता मिल पाई। दुर्घटना में झींगों से गढ़वा जा रहे इमामुद्दीन अंसारी को चेहरे व शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। वृंदा और इमामुद्दीन को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में अंबिकापुर रेफर किया गया है। बस में सवार विद्या देवी, मुजीब हसन, पटना की रेनू पांडे, लखनपुर की मनबसिया सहित अन्य घायल हुए हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के लिए राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Categorized in: