अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत सेवारी जंगल में 25 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों का दल रात्रि में धान व मक्का फ़सल को नुकसान पहुंचाने में लगा है। उप वनमंडलाधिकारी व वन परिक्षेत्राधिकारी ने ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने व उन्हें नहीं छेडऩे की समझाइश दी है।


विदित हो कि प्रतापपुर क्षेत्र से 25 हाथियों का दल दो दिन पहले करवां, गोपालपुर, माकड़ जंगल होते हुए राजपुर सर्किल के सेवारी बीट क्रमांक 2818 के जंगल में पहुंचकर देर रात में पांच हेक्टेयर धान व मक्का की फसल को नुकसान पहुंचाया है। सोमवार को उप वन मंडलाधिकारी अशोक तिवारी व वन परिक्षेत्राधिकारी महाजन लाल साहू वनकर्मियों के साथ सेवारी गांव पहुंचे और जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने की समझाइश दी। 25 हाथियों के दल में 10 बच्चे, 10 मादा व 5 नर बताए जा रहे हैं। हाथियों का दल सेवारी जंगल में विचरण कर रहा है। ग्रामीण हाथियों के चिंघाड़ से रतजगा करने विवश हैं। हाथियों से सेवारी सहित जिगड़ी, पस्ता, बासेन, उलिया, उफिया, माकड़, जोताड़, जगिमा, पटना, करवां, गोपालपुर, कर्रा, झींगो, मुरका, दुप्पी रेवतपुर, जामदोहर, खोखनिया, कुंदीखुर्द, बदौली आदि गांव प्रभावित हंै। वनकर्मी मौके पर पहुंचकर गजवाहन से हाथियों से दूर रहने के लिए लाउडस्पीकर से एनाउंस करा रहे हंै। उप मंडलाधिकारी अशोक तिवारी ने बताया कि ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने की समझाइश दी जा रही है। ग्रामीणों को टार्च, मिर्च पाउडर, टायर, मसाल, पंपलेट प्रदान किया गया है। जिन किसानों को हाथियों से फसल का नुकसान हुआ है उनका मुआवजा प्रकरण तैयार कर उचित मुआवजा राशि का भुगतान किया जाएगा। इस दौरान उप वनमंडलाधिकारी व वन परिक्षेत्राधिकारी के साथ डिप्टी रेंजर आरपी राही, रामचंद्र जायसवाल, प्रदीपचंद तिवारी, रामानंद यादव मौजूद रहे।

Categorized in: