4 दिनों में 2 महिला एवं 2 पुरूष की हुई मौत, ग्रामीण दहशत के साए में जीने मजबूर
अंबिकापुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में हाथियों का आतंक जारी है। पिछले 4 दिन में अलग-अलग इलाके में अकेले घूम रहे हाथी ने 2 महिला व 2 पुरुष समेत 4 लोगों को मार दिया। गुरुवार की सुबह सेमरसोत अभयारण्य क्षेत्र के एक गांव में हाथी ने ग्रामीण युवक को कुचलकर मार डाला, वह मक्के के खेत में 2 साथियों के साथ पानी पटाने गया था। बताया जा रहा है कि आधी रात से ही हाथी मक्के के खेत में घुसा हुआ था। सूचना पर गांव पहुंची वन विभाग की टीम ने मृतक के स्वजन को तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की।
जानकारी के मुताबिक बलरामपुर जिले के कोदौरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत घाघरा निवासी दिनेश पोया 35 वर्ष गुरुवार की सुबह करीब 5 बजे गांव के ही रामकरण गोड़ 40 वर्ष व रोहित नागवंशी 24 वर्ष के साथ मक्का के खेत में पानी पटाने गया था। इसी बीच खेत में किसी जानवर के होने का अहसास होने पर वह भीतर गया। इसी बीच वहां पर पहले से मौजूद हाथी ने उसे सूंड से उठाकर पटक दिया और कुचलकर मार डाला। यह देखकर साथ गए रामकरण व रोहित वहां से गिरते-बचते भाग निकले। इसकी सूचना उन्होंने गांव में जाकर दी। जब तक गांव के लोग मौके पर पहुंच पाते, दिनेश की मौत हो चुकी थी।
बता दें कि बलरामपुर जिले में बीते 4 दिन में हाथी के हमले में 4 लोगों की मौत हो चुकी है। पहली घटना में 31 मार्च की शाम 7 बजे ग्राम फुलवार निवासी अस्मीना अंसारी 45 वर्ष का हाथी ने हाथ उखाड़ दिया था। अगले दिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। 31 मार्च को ही अलसुबह 3 बजे उसी हाथी ने ग्राम रामपुर में कमिश्नर ऑफिस अंबिकापुर में प्यून के पद पर पदस्थ दुर्गा प्रसाद 50 वर्ष को कुचलकर मार दिया था, वह महुआ बिन रहा था। इसके बाद 2 अप्रैल की सुबह 5 बजे शंकरगढ़ क्षेत्र में महिला गिद्दी कोरवा 50 वर्ष की हाथी ने कुचलकर जान ले ली थी, अब ग्राम घाघरा में गुरुवार की सुबह यह घटना हो गई।

Categorized in: