पुलिस को झूठी कहानी बताकर साक्ष्य छिपाने का किया था प्रयास
अंबिकापुर। हत्या के मामले में कमलेश्वरपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को चंद घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चरित्र शंका को लेकर लड़ाई-झगड़ा करते हुए अपनी पत्नी की डंडे से पिटाई करके हत्या कर दिया था।
जानकारी के मुताबिक जंगल साय तिग्गा निवासी अमगांव, ढोढ़ाडीह ने थाना कमलेश्वरपुर में मर्ग इंटीमेशन दर्ज कराया कि 17 मार्च को सुबह 10 बजे के करीब वह घर से खाना खाकर बैल चराने के लिए जंगल की ओर गया था और दोपहर 3 बजे के करीब घर आया तो दरवाजा खुला था और उसकी पत्नी लालो बाई घर के परछी में गिरी पड़ी थी, हिल-डुल नहीं रही थी। वह आवाज लगाकर अपनी पत्नी को उठाने का प्रयास किया लेकिन उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। रिपोर्ट पर थाना कमलेश्वरपुर में मर्ग कायम कर पुलिस अग्रिम जांच कार्रवाई में जुटी थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पंचनामा किया और परिजनों एवं गवाहों का कथन ली तो सामने आया कि जंगल साय अपनी पत्नी लालो बाई के साथ पूर्व में भी लड़ाई-झगड़ा और मारमीट करते आ रहा था। 17 मार्च को भी चरित्र शंका पर वह अपने पत्नी के साथ मारपीट किया था, जिसमें लालो बाई के माथा, पीठ, जांघ, पैर में चोट आई थी। मृतिका के पति जंगल साय तिग्गा से जब पुलिस कड़ाई से पूछताछ की तो उसने 17 मार्च को अलसुबह 03 बजे के लगभग चरित्र शंका पर पत्नी से मारपीट और हत्या करना और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से थाना कमलेश्वरपुर में झूठा मर्ग इन्टीमेशन दर्ज कराना स्वीकार किया। डॉक्टर ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी शरीर में डण्डा से मारने के आई चोट के कारण मृतिका की मृत्यु होने का उल्लेख किया है। पुलिस ने आरोपी जंगल साय तिग्गा पिता स्व. झक्कड़ साय 53 वर्ष निवासी अमगांव ढोढ़ाडीह के विरुद्ध थाना कमलेश्वरपुर में धारा 103(1), 238 बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। कार्रवाई में थाना कमलेश्वरपुर से सहायक उप निरीक्षक डेविड मिंज, प्रधान आरक्षक अखिलेश भगत, आरक्षक अर्जुन पैकरा, परवेज फिरदौशी, धनेश्वर पैकरा, सूरज राठिया सक्रिय रहे।

Categorized in: