ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताया, मामला ग्राम करगीडीह डैम में पिकनिक मनाने से जुड़ा

अंबिकापुर। सरगुजा जिला के लुण्ड्रा थाना अंतर्गत ग्राम करगीडीह में स्थित डैम में विवाद के बाद एक ग्रामीण पर जान-बूझकर पीछे से तेज रफ्तार में पिकअप चढ़ाकर हत्या कर देने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। लुण्ड्रा पुलिस ने चिकित्सक से मिले पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद एक्सीडेंट का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। मंगलवार को काफी संख्या में अंबिकापुर पहुंचे ग्रामीण भाजपा नेताओं व हिंदू संगठन के पदाधिकारियों के साथ सरगुजा पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करके उन्हें लिखित में ज्ञापन सौंपा है और आरोपियों के विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करने पहुंचे अभिमन्यु, खुलेश्वर, सहित अन्य ने दिए गए आवेदन में बताया है कि 01 जनवरी को शाम लगभग 5 बजे ग्राम करगीडीह में स्थित डैम में ग्राम बहेराडीह लुण्ड्रा निवासी परवान खान, मुजाहिर खान, अकरम खान समेत सात लोग गांव के ही अभिमन्यु, फुलेश्वर, सुरेश, धीरेन्द्र व अन्य के साथ विवाद करते हुए मारपीट कर रहे थे। गांव के ही सुरेश ने इसकी जानकारी फोन से आलम साय और गांव के अन्य लोगों को दी थी। इसके बाद आलम साय गांव के अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचा और हो रहे विवाद को समझा-बुझाकर शांत कराया। आरोप है कि घटनास्थल से वापसी के दौरान परवान खान ने अपने साथ लाए गए पिकअप वाहन को अत्यंत तीव्र गति से चलाते हुए आलम साय पर पीछे से चढ़ाकर हत्या कर दिया, जिसे गांव के कई लोगों ने देखा। घटना के बाद भीड़भाड़ की परवाह किए बगैर पिकअप सहित सवार फरार हो गए। घटना की जानकारी आसन राम के पिता ने 02 जनवरी को लिखित में थाना प्रभारी लुण्ड्रा को दी थी। चिकित्सक से पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने दुर्घटना का केस दर्ज किया है, इससे ग्रामीण असंतुष्ट हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस मामले को दुर्घटना मानते हुए विवेचना कार्रवाई की जा रही है, जबकि मामला जान-बूझकर पिकअप चढ़ाकर आलम साय की हत्या से जुड़ा है। आरोप है कि पुलिस के द्वारा सिर्फ चालक को गिरफ्तार करने की खानापूर्ति की गई है, जबकि पिकअप में सवार सभी लोगों ने एकराय होकर इस प्रकार की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों की बातों को सुनने के बाद वैधानिक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

पुलिस ने दर्ज किया है यह मामला
मामले में मर्ग जांच के बाद लुण्ड्रा थाने की पुलिस ने मामला दर्ज किया है कि पिकअप क्रमांक सीजी 15 डी 3518 में बहेराडीह के लोग पिकनिक मनाने गागर नदी बांध में आए थे, जो खाना खा-पीकर अपना सामान पिकअप वाहन में डालने के बाद चालक बहुत तेजी से अपनी गाड़ी को जोर से एक्सीलेटर दबाते हुए आगे बढ़ा दिया। इस दौरान बांध के संकरा मेड़ से कई लोग आना-जाना कर रहे थे। तेज गाड़ी चलाने से किसी भी आदमी को ठोकर लग सकता है और बड़ी घटना घट सकती है, ये जानते हुए भी पिकप वाहन का चालक भोला बहुत तेजी से गाड़ी चलाया और मृतक आलम साय को ठोकर मारते हुए गाड़ी उसके ऊपर से पार कर दिया और तेजी से भाग गया। भागते समय मृतक के साथ चल रहे अभिमन्यु को भी दाहिने हाथ के पंजा व बाएं कमर में चोट आई है। यदि पिकअप चालक वाहन को सवधानी से चलाता तो घटना घटित नहीं होता। एक्सीडेन्ट से आलम साय पूरी तरह से घायल हो गया था, उसके पेट, सीना में चक्का चढ़ गया था। उसे इलाज के लिए मिशन अस्पताल अंबिकापुर ले गए, यहां डॉक्टर ने जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आलम साय सांडिल्य पिता आसन राम सांडिल्य 30 वर्ष, निवासह ग्राम करगीडीह की मृत्यु का कारण पिकअप वाहन चालक के द्वारा तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चालन बताया गया है।

मृतक के स्वजन और ग्रामीणों से मिले भाजपा जिला अध्यक्ष

लुण्ड्रा विकासखंड अंतर्गत ग्राम करगीडीह में पिकअप वाहन के चढ़ने से आलम साय की मौत पर ग्रामीणों के द्वारा जान-बूझकर हत्या करने और पुलिस के द्वारा गैर इरादतन हत्या के रूप में अपराध दर्ज करने के मामले की जानकारी ग्रामीणों ने भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया को दी थी। इससे पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल को उन्होंने अवगत कराया था। 13 जनवरी को भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में 50 लोगों का प्रतिनिधि मंडल करगीडीह में मृतक के परिवार और ग्रामीणों से मिला तथा संवेदना व्यक्त करते हुए इस मामले की विस्तार से जानकारी ली थी। श्री सिसोदिया ने ग्रामीणों के आक्रोश और मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे घटनाक्रम की पुन: जांच कराने के सुझाव दिया है। भाजपा प्रतिनिधि मंडल में विद्यानंद मिश्रा, डीके पुरिया, विनोद हर्ष, निलेश सिंह, राजेश सिंह, मधुसूदन शुक्ला, अंकित जयसवाल, सतीश जायसवाल, जंयत मिंज, अभिषेक पावले, संजीव वर्मा, शानू कश्यप, अमोघ कश्यप, विवेक सिंह, निशांत गुप्ता, अनिकेत, विवेक सहित अन्य शामिल थे।

Categorized in: