संभागीय आबकारी उड़नदस्ता की टीम ने की कार्रवाई, आरोपी जेल दाखिल
अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने बलरामपुर जिले के गोंदला निवासी अशरफीलाल गुप्ता के कब्जे से मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश का शराब जप्त कर उसे जेल दाखिल कर दिया है।
उपायुक्त आबकारी विजय सेन शर्मा के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने उड़नदस्ता टीम के साथ बलरामपुर जिले में भ्रमण के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर उक्त कार्रवाई की है। बसंतपुर थाना अंतर्गत ग्राम गोंदला निवासी असरफीलाल गुप्ता अपने घर से बाहर दिगर राज्यों का मदिरा विक्रय कर रहा था। उड़नदस्ता की टीम अशरफीलाल गुप्ता के घर छापामार कार्रवाई की तो मध्य प्रदेश का लेवल लगा 29 नग गोवा व्हिस्की का पाव तथा उत्तर प्रदेश के लेवल का मैकडॉवेल नंबर वन व्हिस्की 29 पाव, कुल 10.44 लीटर मिला। अन्य राज्य की मदिरा तथा महुआ शराब 8 लीटर जप्त कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 36 एवं 59 (क) के तहत अपराध पंजीबद्ध करके आरोपी को न्यायालय रामानुजगंज में पेश किया गया, यहां से उसे जेल दाखिल कर दिया गया है। इसी क्रम में थाना त्रिकुंडा अंतर्गत ग्राम डिंडो निवासी गणेश ठाकुर के कब्जे से मध्य प्रदेश का लेवल लगा 20 नग गोवा व्हिस्की पाव जप्त कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के साथ आबकारी उप निरीक्षक टीआर केहरी के अलावा आबकारी मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, कुमारु राम, नगर सैनिक रणविजय सिंह एवं महिला सैनिक राजकुमारी व संगीता उपस्थित रहे।

Categorized in: