अंबिकापुर। शहर के महामाया रोड में बैंक ऑफ बड़ौदा के पास स्थित होटल एवलोन के संचालक से अग्नि सुरक्षा से संबंधित एनओसी, प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर ठगी का मामला प्रकाश में आया है। घटना की रिपोर्ट कोतवाली थाना में दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपित के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
होटल संचालक अमनदीप सिंह छाबड़ा ने पुलिस को बताया है कि बिलासपुर के तिलकनगर, पिगले हाउस के पास रहने वाले सुयश दाभडकर के संपर्क में वे पिछले दो वर्ष से थे। इनके द्वारा खुद को फायर डिपार्टमेंट का होने की जानकारी दी गई थी। ऐसे में उन्होंने अपने प्रतिष्ठान के लिए अग्नि सुरक्षा प्रमाण पत्र संबंधी एनओसी के लिए संपर्क किया, इसके एवज में उन्होंने 8 हजार रुपये गूगल पे से ट्रांसफर किया था। इसके बाद उन्हें फर्जी एनओसी जारी कर दिया गया। शक होने पर उन्होंने एनओसी का जांच, पड़ताल अपने माध्यम से किया तो पता चला कि उन्हें फर्जी एनओसी थमाया गया है। यह भी पता चला कि उक्त व्यक्ति फायर डिपार्टमेंट में काम भी नहीं करता है। होटल संचालक ने संबंधित व्यक्ति का बैंक एकाउंट फ्रीज कराने और रकम वापसी कराने का आग्रह किया है।

Categorized in: