0 कोरोना संक्रमण के मामलों में सख़्ती को लेकर सरकार और नौकरशाही दोहरे मापदंडों पर काम कर रही : पांडेय

0 क्वारेंटाइन सेंटर्स के बाद अब कोविड अस्पतालों की बदइंतज़ामी और बदहाली की ख़बरें सरकार के लिए शर्मनाक

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री और संसद सदस्य संतोष पांडेय ने कोरोना महामारी को लेकर प्रदेश सरकार के इंतज़ामात पर सवाल उठाकर तीखा हमला बोला है। श्री पांडे ने कहा कि बार-बार ध्यान दिलाने के बाद भी प्रदेश सरकार हरक़त में नहीं आकर अपने निकम्मेपन का शर्मनाक प्रदर्शन करने से बाज नहीं आ रही है। गाँव हो या शहर,हर गली-मोहल्लों में रोज़ बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमितों का मिलना यह साबित कर रहा है कि सरकार कोविड से लड़ने में नाकामयाब है और सरकार ने कोरोना के मामले में अब अपने हाथ खड़े कर दिए हैं।
भाजपा प्रदेश महामंत्री व संसद सदस्य श्री पांडेय ने कहा कि प्रदेश के दीग़र इलाकों की तो बात ही छोड़िए, राजधानी तक में प्रदेश सरकार कोरोना की रोकथाम के उपायों को लेकर क़तई गंभीर नहीं है। राजधानी में रोज़ सैकड़ों की संख्या में सामने आ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए सख़्ती के मामले में प्रदेश सरकार और उसकी नौकरशाही दोहरे मापदंडों पर काम करती नज़र आ रही है। श्री पांडेय ने कहा कि लगभग 60 घंटे पहले बने नए हॉट स्पॉट मौदहापारा में कंटेमनेंट ज़ोन के कड़े नियमों का कोई असर नज़र नहीं आ रहा है जबकि प्रशासन ने अन्य कई ज़गहों पर कड़ा रुख अपना रखा है। मौदहापारा में 25 से ज़्यादा पॉज़ीटिव कोरोना संक्रमितों के मिलने के बाद भी अब तक न तो यहाँ बेरीकेटिंग की गई है, न ही यहाँ प्रवेश से रोकने कोई पुलिस कर्मी तैनात किया गया है, जिसके चलते लोगों का इस इलाके में बेखटके आना-जाना लगा हुआ है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री व संसद सदस्य श्री पांडेय ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पहले तो क्वारेंटाइन सेंटर्स को बदइंतज़ामी और बदहाली के चलते नारकीय यंत्रणा का केंद्र बनाकर रख दिया जो लोगों की असामयिक व अस्वाभाविक मौतों के केंद्र बन गए और अब प्रदेशभर के कोविड अस्पतालों की बदइंतज़ामी और बदहाली की ख़बरें सामने आ रही हैं। इन कोविड अस्तालों में भर्ती मरीज भाग रहे हैं, आत्म हत्या कर रहे हैं, तड़प-तड़पकर मौत के मुँह में जा रहे हैं, लेकिन प्रदेश सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। राजनांदगाँव ज़िले के पेंड्री स्थित मेडिकल अस्पताल के बदतर हालात का ज़िक्र करते हुए श्री पांडेय ने कहा कि यहाँ न साफ-सफाई हो रही है, और न ही मरीजों की ज़रूरतों और दवाई व भोजन की समय सारिणी का ध्यान रखा जा रहा है। राजनांदगाँव निगम की नेता प्रतिपक्ष शोभा सोनी भी इस अस्पताल में कोरोना का उपचार करा रही हैं और उन्होंने यह जानकारी साझा की है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री व संसद सदस्य श्री पांडेय ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक बात है कि लापरवाह अस्पताल प्रबंधन भी यह कहकर अपनी ज़िम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहा है कि बेहतर व्यवस्था के प्रबंधन को पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है। श्री पांडेय ने कहा कि आज राज्य में प्रतिदिन 600 से 800 मामले सामने आ रहे हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार लगभग 17 हजार लोग संक्रमित हो चुके हैं और 160-180 लोगों की मौत हो चुकी है। आज इस बात का खुलासा जरूरी भी हो गया है कि क्या यह वही राहुल गांधी का फार्मूला है जिसे कोरोना का प्रदेश में निदान हो रहा हैl

Categorized in: