भाजयुमो का सवाल : मुंगेली ज़िले में हज़ारों क्विंटल धान कहाँ ग़ायब हो गया और जाँच के नाम पर क्या लीपापोती की गई?

0 भाजपा की सरकार को बदनाम करने वाले तय कर लें धान घोटाले में किन-किन को ज़ेल जाने के लिए तैयार रहना है?

रायपुर ( मुकेश वर्मा ) भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विजय शर्मा ने मुंगेली ज़िले में करोड़ों रुपए के धान घोटाले के मामले में कोर्ट के आदेश पर फिर से जाँच के आदेश दिए जाने पर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली के साथ ही नीति, नीयत और नेतृत्व पर जमकर हमला बोला है। श्री शर्मा ने कहा कि पिछले खरीफ सत्र में धान शॉर्टेज की शिकायतें सामने आने पर 50 उपार्जन केंद्रों को जाँच के दायरे में लिया गया है। यह प्रदेश सरकार के भ्रष्टाचार का जीता-जागता नमूना है जिसमें सिर्फ़ मुंगेली ज़िले में लगभग 57 हज़ार क्विंटल धान ग़ायब हो गया है और इसका कोई हिसाब नहीं मिल रहा है।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कटाक्ष किया कि भाजपा की पूर्ववर्ती राज्य सरकार पर घोटाले का बेबुनियाद आरोप लगाकर अपनी राजनीतिक रोटियाँ सेंक रही कांग्रेस आज दो साल से सत्ता में होने के बावज़ूद जाँच के नाम पर केवल सियासी लफ़्फ़ाजियाँ करके चरित्र हनन की राजनीति कर रही है। अब प्रदेश सरकार बताए कि आज ख़ुद कांग्रेस की सत्ता में हज़ारों क्विंटल धान कहाँ ग़ायब हो गया और जाँच के नाम पर क्या लीपापोती की गई कि कोर्ट को दुबारा इस मामले की जाँच के लिए आदेश देना पड़ा? श्री शर्मा ने कहा कि शराब, ज़मीन, रेत उत्खनन आदि हर काम में प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के नित-नए मामलों में घिरती जा रही है और अब धान शॉर्टेज के इस ताज़ा मामले ने प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। भाजपा की सरकार को बदनाम करने के शर्मनाक कृत्यों में लगे लोगों को अब यह तय कर लेना चाहिए कि धान शॉर्टेज के इस घोटाले में किन-किन लोगों को ज़ेल जाने के लिए तैयार रहना है?

Categorized in: