चोरी के बाद गला देते थे आभूषण, दो खरीददार समेत नौ आरोपी गिरफ्तार
बिश्रामपुर। एसईसीएल आवासीय कालोनियों समेत नगर के सुने मकानों में सिलसिलेवार तरीके से रेकी कर हुए चोरी की वारदातों को अंजाम देने मामले में आखिरकार वर्ष के अंतिम दिनों में चोर गिरोह के नौ सदस्यों को बिश्रामपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब डेढ़ किलो गलाया गया चांदी और चौदह ग्राम सोना सहित पंद्रह हजार रुपए नगदी व अन्य सामानों को जब्त किया है। इस बड़े खुलासे के बाद अब आमजन व पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है। आएदिन हो रही चोरी की घटनाओं से पुलिसिंग पर सवाल उठने लगे थे। बिश्रामपुर टीआई अलरिक लकड़ा ने बताया कि गत दिनों 23 दिसम्बर की रात मुख्य बाजार निवासी भाजपा नेता बनारसी जायसवाल और राधाकृष्ण मंदिर के पुजारी चंद्रेश पांडेय के घर एक ही रात हुई चोरी मामले में पुलिस जांच में जुटी थी। भाजपा नेता के घर लगे सीसीटीवी फुटेज में नकाबपोश युवक की गतिविधि सहित नैन नक्श पर पुलिस बारीकी से जांच की। इस दौरान पुलिस ने डेढ़ सौ से अधिक सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर टावर डंप की जांच कर संदेहियों को पकड़कर पूछताछ कर उनके बयानों की तस्दीक की तब मामला खुल गया। टीआई ने बताया कि पूरे मामले में पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें दो नाबालिग हैं। मामले का मास्टरमाइंड नगर का कबाड़ी नितेश सिंह है, जिसने एसईसीएल के सुरक्षा अधिकारी अमरेंद्र नारायण सिंह के सुने आवास में गत दिनों 7-8 सितम्बर की दरम्यानी रात चोरी की घटना को साथियों के साथ अंजाम दिया था। इसके अतिरिक्त पलारी नगर पंचायत सीएमओ जितेंद्र बहादुर सिंह के सुने मकान में गत दिनों 26 जून को सोने चांदी के लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया था। पुलिस ने मामले में दो फेरी कर सोने चांदी का करोबार करने वाले व्यवसाई को भी गिरफ्तार किया है। दोनों व्यवसाईयों द्वारा तत्काल चोरी के आभूषणों को गला दिया जाता था। पकड़े गए आरोपियों में कबाड़ चोर का सरगना डीएमक्यू पउवा पारा निवासी नितेश सिंह पिता विश्वनाथ सिंह 40 वर्ष, बादल ताम्रकार पिता पुनीत ताम्रकार 24 वर्ष, तौफिक पिता हनीफ अंसारी 21 वर्ष, करण देवांगन पिता धर्मपाल 19 वर्ष, आदित्य साहनी पिता रमेश साहनी अठारह वर्ष दो माह सहित दो अपचारी बालक सहित खरीददार अर्जुन पिता संतोष सोनी 28 वर्ष, सुजीत सोनी पिता संतोष सोनी 19 वर्ष के नाम शामिल हैं। ये सभी आरोपी नगर पंचायत शिवनंदनपुर तालाबपारा के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डेढ़ किलो गलाया हुआ चांदी और चौदह ग्राम सोना सहित पंद्रह हजार रुपए नगदी व कांसे, पीतल के बर्तन, कपड़ा व घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटर सायकल सीजी 29 एएफ 8657 व स्विफ्ट डिजायर कार जेएच 03 एसी 2974 को जब्त किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ धारा 331(4), 305 (3,5), 317 (4) के तहत जुर्म दर्ज कर कार्यवाही की गई है। कार्यवाही में टीआई अलरिक लकड़ा समेत उपनिरीक्षक एसआर भगत, एएसआई शशि शेखर तिवारी, अविनाश सिंह, प्रधान आरक्षक विकास सिंह, नवीन सिंह, रविशंकर पांडेय, दीपक चौधरी, आरक्षक अखिलेश्वर पांडेय, उमेश राजवाड़े, अजय प्रताप राव, जयप्रकाश यादव सहित थाने के स्टॉफ सक्रिय रहे।
नाक कटी आरोपी की फोटो से मिली मदद
बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज में भाजपा नेता के घर चोरी की वारदात में युवक का चेहरा ढका था, लेकिन सांस लेने के लिए नाक के खुले होने व उसके नाक कटे होने से पुलिस को चोरों तक पहुंचने में मदद मिली। चोर गिरोह के निशाने में मंदिर पर भी थे। यहां से उन्होंने घंटा की चोरी की है। पुलिस ने कांसे की घंटी, तांबा का लोटा भी आरोपियों से बरामद किया है।
स्प्रे भी रखते थे साथ
पुलिस ने बताया कि आरोपी अपने साथ बेहोशी के लिए रेड कॉप स्प्रे साथ रखते थे, ताकि यदि वारदात के दौरान किसी की नींद खुल जाए तो उसके चेहरे पर तत्काल स्प्रे छिड़ककर उसे बेहोश किया जा सके। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रेड कॉप स्प्रे की सीसी भी बरामद की है।

Categorized in: