स्कूलों में पहुंच कर संस्था प्रमुखों से यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने में सहयोग का आग्रह
अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटना में कमी लाने एवं यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन हेतु शिक्षण संस्था के आसपास कार्रवाई करते हुए नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने की सख्त हिदायत दी गई, वहीं भविष्य में कार्रवाई करने का संकेत दिया। स्कूल प्रबंधन को परिसर के बाहर एवं आसपास वाहन खड़ा नहीं करवाने निर्देशित किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अंकित गर्ग के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने शहर के व्यस्ततम सड़कों में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं स्कूली शिक्षण संस्था के आस-पास यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन के उद्देश्य से कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, नगर पुलिस अधीक्षक मानक राम कश्यप, राजेंद्र मांडवी पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सीतापुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार को जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित शैक्षणिक संस्थानों में पहुंच कर यातायात व्यवस्था के संबंध में स्कूल प्रबंधन से चर्चा की गई एवं नाबालिक बच्चों को स्कूल में दोपहिया वाहन नहीं लाने हेतु निर्देशित करने कहा गया। संस्था प्रमुखों को स्कूल परिसर के बाहर एवं आसपास व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के सामने वाहन खड़ा नहीं करवाने सख्त निर्देश दिए गए, जिससे यातायात व्यवस्था बनी रहे एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। दोपहिया वाहन चलाने वाले विद्यार्थियों के स्वजनों को बुलाकर नाबालिक विद्यार्थियों को वाहन नहीं देने की समझाइए दी गई एवं भविष्य में नाबालिक द्वारा वाहन चलाते पाए जाने पर विधिवत यातायात नियमों के तहत कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से आग्रह किया है कि नाबालिक बच्चों को दोपहिया वाहन चलाने के लिए नहीं दें और यातायात नियमों का पालन करके शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने में सहयोग प्रदान करें। कार्रवाई के दौरान रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत, यातायात पुलिस की टीम तथा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी अपने-अपने स्टाफ के साथ उपस्थित रहे। भविष्य में भी सरगुजा पुलिस द्वारा सभी शैक्षणिक संस्थाओं के आसपास अभियान चलाया जाएगा।

Categorized in: