स्विफ्ट कार के अलावा चोरी की रकम से खरीदे गए सामान, 5 हजार नकद जप्त
अंबिकापुर। शादी समारोह से उठाईगिरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 सदस्यों को इंदौर मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, नगदी एवं चोरी की रकम से खरीदे गए सामान को बरामद करने में सफलता हासिल की है। गिरोह के द्वारा पहले भी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया कि बीते 03 दिसम्बर को दर्रीपारा निवासी पवन चौधरी की बहन का विवाह समारोह दर्रीपारा में ही स्थित होटल आदित्य ज्योति में था। विवाह समारोह में आशीर्वाद स्वरूप मिले लिफाफे सहित नगदी रकम एक लाख 40 हजार रुपये एक बैग में कमरे में रखा था। वैवाहिक आयोजन के बीच किसी अज्ञात महिला के द्वारा नगदी एवं लिफाफे से भरा बैग चोरी कर लेने की रिपोर्ट पवन चौधरी ने दर्ज कराई गई। रिपोर्ट पर थाना मणिपुर में धारा 303(2) बीएनएस का केस पंजीबद्ध करके विवेचना में लिया गया था। विवेचना दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया एवं संदेहियों से बारीकी से पूछताछ की। जांच के क्रम में सामने आया कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार से आरोपी पहुंचे थे और दो संदिग्ध महिलाएं शादी समारोह स्थल में घुसकर बैग ले जाते हुए देखी गई। आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस थाना मणिपुर एवं साइबर सेल अंबिकापुर की संयुक्त टीम बनाई गई थी। आरोपी महिला की पहचान रूबी छायल एवं साथियों के रूप में की गई, जो कड़िया सांसी जिला राजगढ़ मध्य प्रदेश गिरोह के सदस्य हैं। जांच में सामने आया कि अंतर्राज्यीय गिरोह के सक्रिय सदस्य पूरे भारत में अलग-अलग शहरों में जाकर शादी समारोह के दौरान होटल, लॉज एवं शादी घरों से कीमती जेवरात एवं नगदी की चोरी कर लेते हैं। प्रकरण के आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम इंदौर मध्य प्रदेश जाकर क्षेत्रीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी करके आरोपियों को हिरासत में ली। आरोपियों से पूछताछ करने पर उन्होंने विवाह समारोह दौरान लिफाफे सहित नगदी रकम रखे बैग को चोरी करना स्वीकार किया। यही नहीं 9 फरवरी 2024 को अंबिकापुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा के एक ग्राहक के जेब से रुपये निकालने की घटना में इनकी संलिप्तता सामने आई है। श्री ढिल्लो ने बताया कि प्रकरण की विवेचना दौरान विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार क्रमांक एमपी 09 जीडब्ल्यू 9383 एवं चोरी की रकम से खरीदे गए सामान एवं नगदी 5000 रुपये बरामद किया है। प्रकरण की विवेचना एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी मणिपुर उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, प्रधान आरक्षक गणेश कदम, आरक्षक उमाशंकर साहू, अनुज जायसवाल, जितेश साहू, रमेश रजवाड़े, महिला आरक्षक किरण अमलावती की सक्रिय भूमिका रही। आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इन आरोपियों को गिरफ्तार की पुलिस
0 रूबी छायल पति आकाश छायल 30 वर्ष निवासी ग्राम कड़िया सांसी थाना बोडा जिला राजगढ़ मप्र।
0 संध्या सिसोदिया पति मंगल सिंह सिसोदिया 28 वर्ष निवासी गुरबेदी थाना बोडा जिला राजगढ़ मप्र।
0 उपासना सिसोदिया पति आदर्श भंवरिया निवासी ग्राम कड़िया सांसी थाना बोडा जिला राजगढ़ मप्र।
0 दिलीप सिसोदिया पिता स्व. मान सिंह सिसोदिया 35 वर्ष निवासी ग्राम कड़िया सांसी थाना बोडा जिला राजगढ़ मप्र।
0 श्याम सिसोदिया पिता निर्भय सिंह 25 वर्ष निवासी ग्राम कड़िया सांसी थाना बोडा जिला राजगढ़ मप्र।

Categorized in: