कलेक्टर के निर्देशन में की गई छापमार कार्रवाई में प्रशासन की टीम को मिली बड़ी सफलता

अंबिकापुर। धान खरीदी प्रारंभ होने के बाद दूसरे प्रदेशों से धान लाकर सरगुजा जिले में खपाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे ही एक सूचना पर खाद्य व कृषि उपज मंडी की संयुक्त टीम ने कलेक्टर सरगुजा विलास भोस्कर के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन स्थानों पर छापा मार कार्रवाई की और 1028 क्विंटल धान जप्त किया है। इसकी कीमत 23 लाख 64 हजार 480 रुपये है। मामले में कार्यालय कृषि उपज मण्डी समिति मेण्ड्राकला अंबिकापुर ने छह प्रकरण बनाया है।

बता दें कि राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी की जा रही है। आसपास के प्रांतों के मुकाबले में छत्तीसगढ़ में धान का समर्थन मूल्य अधिक होने के कारण बिचौलिए व व्यापारियों द्वारा कम मूल्य पर दूसरे प्रांतों से धान लाकर यहां खपाने का काम किया जाता है। धान खरीदी प्रारंभ होने के पूर्व से ही धान को संग्रहित करने में बिचौलिए सक्रिय हो जाते हैं। इसके बाद वे ऐसे किसान जिनके पास खुद की उपज से अधिक का रकबा पंजीकृत है, उनसे संपर्क करके इस धान को खपाते हैं। शासन-प्रशासन द्वारा दीगर प्रांतों से धान लाकर खपाने के मामले में कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, इसके बाद भी बाहर से धान की आवक और इसके संग्रहण का सिलसिला नहीं थम रहा है। इसकी जानकारी मिलने पर बुधवार को खाद्य विभाग की टीम के द्वारा मंडी के अधिकारियों के साथ मिलकर संयुक्त रूप से शहर में 6 स्थानों पर दबिश दी और 1020 क्विंटल धान जप्त किया है। जिला खाद्य अधिकारी चित्रकांत ध्रुव ने बताया कि धान के अवैध संग्रहण की जानकारी मिलने पर खाद्य विभाग व मंडी द्वारा यह कार्रवाई संयुक्त रूप से की गई है। इस दौरान 2613 बोरी में रखे गए थे। धान बिना किसी स्टॉक रजिस्टर, पंजीयन के जमा करके रखे गए थे। धान को मंडी अधिनियम 1972 के तहत कार्रवाई करते हुए जप्त किया गया है। कार्रवाई के बाद विभाग द्वारा जप्त धान को संग्राहकों के सुपुर्दगी में दिया है। उक्त धान को संग्राहक, व्यापारी धान खरीदी केन्द्रों में नहीं बेच पाएंगे।
इन व्यापारियों के यहां मिला लाखों का संग्रहित धान
20 नवम्बर को की गई छापामार कार्रवाई व गोदाम निरीक्षण के दौरान अंबिकापुर के खरसिया रोड में स्थित शशिकांत अग्रवाल के बंसल ट्रेडर्स से पतला धान की 795 बोरी, कीमत 6 लाख 82 हजार 80 रुपये, मोटा धान 240 बोरी, कीमत 2 लाख 20 हजार 800 रुपये, दीपक अग्रवाल के कृष्णा ट्रेडिंग से 246 बोरी पतला धान, कीमत 2 लाख 27 हजार 360 रुपये, श्रीगढ़ अंबिकापुर में राजेश कुमार अग्रवाल के महामाया ट्रेडिंग से 455 बोरी पतला धान, कीमत 4 लाख 22 हजार 240 रुपये, जनक कुमार अग्रवाल के जेके ट्रेडिंग से 435 बोरी पतला धान, कीमत 4 लाख 3 हजार 680 रुपये, अजय अग्रवाल के आदर्श ट्रेडिंग से 422 बोरी पतला धान, कीमत 3 लाख 89 हजार 760 रुपये व बासेन, सेदम बतौली में मुकेश कुमार सदावर्ती पिता निराकार सदावर्ती के गोदाम से 20 बोरी पतला धान, कीमत 18 हजार 560 रुपये जप्त किया गया है।

Categorized in: