लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना के सामने स्थित लक्ष्य ट्रेडर्स में बीती रात अज्ञात चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर नगद राशि सहित दस्तावेजों की चोरी कर ली। दुकान संचालक की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस जांच के बाद अग्रिम विवेचना कार्रवाई में लगी है।
जानकारी के मुताबिक गुरूवार की रात रोजाना की भांति दुकान बंद करके संचालक सुधीर अग्रवाल अपने घर चले गए थे। शुक्रवार की सुबह लगभग 8.30 बजे जब वे दुकान खोलने के लिए पहुंचे तो देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ है। दुकान के अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। दुकान के गल्ले में रखा एक हजार रुपये नगद, जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, खाद-बीज का लाइसेंस, पेन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, कार की चाबी, जमीन का डायवर्सन सेेसंबंधित कागजात सहित अन्य जरूरी दस्तावेज चोर अपने साथ ले गए थे। चोरों ने कार चोरी करने का प्रयास भी किया, लेकिन वाहन के पीछे कार और बगल में पिकअप वाहन के खड़े रहने के कारण असफल रहे और कार को धक्का मारकर रैंप से सटा दिया।
बता दें इन दिनों लखनपुर शहर में चोरों के हौसलें बुलंद हैं। दो दिन पूर्व ही चोरों ने लखनपुर तहसील कार्यालय के सामने से अधिवक्ता की स्कूटी पार की थी। इसी प्रकार श्रीमद्भागवत कथा में महिलाओं के गले से मंगलसूत्र और सोने की चेन की चोरी होने से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है। ऐसे में कहीं ना कहीं पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लखनपुर थाने के सामने दुकान में चोरी की घटना के बाद लोगों का कहना है कि पुलिस का भय चोरों में नहीं है। चोर धड़ल्ले से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस चोरी की वारदात सामने आने के बाद हाथ-पांव मारने में लगी है।

Categorized in: