बिश्रामपुर। एसईसीएल बिश्रामपुर के वन बी हॉस्पिटल कॉलोनी निवासी जिले के चन्दौरा थाना में पदस्थ एएसआई वरुण तिवारी की 40 वर्षीया पत्नी साधना तिवारी ने बीती रात घर में कुत्ता पालने की मामूली से बात पर नाराज होकर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है। बिश्रामपुर पुलिस ने बताया कि मृतिका साधना तिवारी जो आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय बिश्रामपुर में बतौर शिक्षिका पदस्थ थीं। गुरुवार की रात शिक्षिका का 11 वर्षीय पुत्र घर में पालने के उद्देश्य से कुत्ता लेकर आ गया। शिक्षिका द्वारा पुत्र को घर में कुत्ता नहीं पालने की कई बार समझाइश देने के बावजूद मासूम पुत्र जिद पर अड़ा रहा, जिसके बाद शिक्षिका ने कमरे में जाकर दुपट्टे से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना गुरुवार रात करीब साढ़े आठ से 9 बजे के बीच की बताई गई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बिश्रामपुर पुलिस ने शव पंचनामा उपरांत शव परिजन को सौंप दिया है। आज सूरजपुर जिला अस्पताल में पीएम उपरांत सूरजपुर स्थित मुक्तिधाम में गमगीन माहौल में मृत शिक्षिका का अंतिम संस्कार किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में आमजन सहित पुलिस कर्मी व शिक्षा विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।

Categorized in: