16 सितंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा पैगम्बर हजरत मुहम्मद का जन्मदिवस
अंबिकापुर। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 16 सितंबर, सोमवार को पैगम्बर हजरत मुहम्मद साहब का जन्मदिवस, ईद मिलादुन्नबी धूमधाम से मनाया जाएगा। अंबिकापुर शहर के 12 मस्जिदों की कमेटी के सदर ने सीरतुन्नबी कमेटी मोमिनपुरा के माध्यम से इस मौके पर डीजे का उपयोग नहीं करने का निर्णय लिया है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सीरतुन्नबी कमेटी-2024 के संरक्षक शफी अहमद के नेतृत्व में अध्यक्ष कांग्रेसी नेता दानिश रफीक को चुना गया है, जिनके नेतृत्व में संयुक्त रूप से कार्यक्रम को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
सीरतुन्नबी कमेटी के अध्यक्ष दानिश रफीक ने बताया कि जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर डीजे, धुमाल एवं प्लास्टिक वस्तुओं का उपयोग पूर्णत: प्रतिबंधित किया गया है। उन्होंने बताया कि ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर भव्य जुलूस का भी आयोजन किया जाएगा, जो सुबह 8.30 बजे श्रीगढ़-नवागढ़, सद्भावना चौक से प्रारंभ होगा। इसके बाद जूलुस मोमिनपुरा चौक, रसूलपुर चौक, बरेजपारा, जयस्तंभ चौक अजय किताब घर से सदर रोड, कादंबनी चौक, महामाया चौक, संगम चौक, देवीगंज रोड, घड़ी चौक होते कला केंद्र मैदान में आम जलसा में तब्दील हो जाएगी। दानिश रफीक ने बताया कि जलसा में 12 मस्जिदों के इमाम, पैगम्बर मुहम्मद साहब के उपदेश पर प्रकाश डालेंगे। जलसा में अन्य धर्मों के प्रमुख भी उपस्थित रहेंगे। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शिक्षा, खेल गतिविधियों सहित सामाजिक गतिविधियों में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में मो. इस्लाम कादरी, हाजी रहमत अली, मो. नसीम खान, मो. रशीद पेंटर, सन्नुवर हुसैन, रशीद अंसारी, जिलानी खान, इदरीश खान, नुरुल अमीन सिद्दीकी, अब्बास फिरदौस, अनवर फिरदौस, हाजी यासिन, हाजी शरीफ सहित समाज के समस्त पार्षद व अन्य का योगदान रहेगा।

Categorized in: