झारखंड में एसपी बलरामपुर के साथ डटी पुलिस टीम तलाश रही लुटरों के गैंग को


अंबिकापुर। बलरामपुर जिला के रामानुजगंज में ज्वेलरी दुकान में डकैती की वारदात के मामले में लुटेरों की तलाश झारखंड में चल रही है। लूट में बुक्की गैंग के शामिल होने की संभावना है। लुटेरों की तलाश करने के लिए सीसीटीव्ही व अन्य तकनीकि माध्यमों का प्रयोग पुलिस कर रही है। पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस की टीमें झारखंड में डटी हुई हैं। इन सबके बीच घटना के 24 घण्टे बीतने के बाद भी पुलिस अब तक आरोपियों को नहीं पकड़ पाई है।
अपराधियों की धरपकड़ के लिए गुरूवार को राजेश ज्वेलर्स के संचालक राजेश सोनी के नेतृत्व में रामानुजगंज के एक प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस अधीक्षक गढ़वा (झारखंड) दीपक कुमार पांडेय से मिलकर अपराधियों को पकड़ने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक गढ़वा ने संकेत दिया है कि जिन अपराधियों ने छत्तीसगढ़ में बड़ी घटना को अंजाम दिया है वे झारखंड में भी मोस्ट वांटेड हैं। हमारी पुलिस उन्हें पकड़ने में हर संभव मदद करेगी। बता दें कि रामानुजगंज में बुधवार को हुई लूट की वारदात में शामिल 5 अपराधी दो मोटरसाइकिलों में झारखंड की ओर भागे थे। लूट की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने अपराधियों की तलाश में अपनी टीम के साथ झारखंड के लिए रवाना हो गए थे। गढ़वा पुलिस की मदद से अपराधियों को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास जारी है।
झारखंड के मंत्री ने हरसंभव मदद का दिया आश्वासन
राजेश ज्वेलर्स के संचालक राजेश सोनी ने प्रतिनिधिमंडल के साथ झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मिथिलेश ठाकुर से भी मुलाकात की है। प्रतिनिधि मंडल ने अपराधियों को पकड़ने के लिए मदद देने मांग की है। जिस पर उन्होंने हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है। इधर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने राजेश ज्वेलर्स के संचालक राजेश सोनी से मोबाइल पर बातचीत करके कहा कि पुलिस की टीम अपराधियों को पकड़ने पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रही है। जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा। जशपुर से पहुंची फॉरेंसिंक टीम ने भी घटनास्थल राजेश ज्वेलर्स के फिंगरप्रिंटे लिए हैं।
एक बाइक और लूटे गए 03 मोबाइल बरामद
घटना के बाद रामानुजगंज से भागे अपराधियों ने रंका थाना क्षेत्र में बाइक को छोड़ दिया है। संदिग्ध अवस्था में बाइक मिलने पर पुलिस को इसकी सूचना दी गई थी। बताया जा रहा है कि बाइक का इस्तेमाल केवल लूट की घटना को अंजाम देने के लिए किया गया था। लूट की घटना को अंजाम देते समय अपराधियों ने तीन नग मोबाइल भी लूटे थे, जिनको उन्होंने झारखंड की सीमा में पहुंचने के बाद फेंक दिया था। पुलिस ने फेंके गए तीनों मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है।

Categorized in: