पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मुख्य आरोपी के तलाश में

गिरिजा ठाकुर

अंबिकापुर। युवक की हत्या करके शव को निर्माणाधीन पानी टंकी के नीचे दफन कर देने के मामले में थाना सीतापुर पुलिस टीम ने एक फरार आरोपी को कोरिया जिला से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने पूर्व में मामले में शामिल 04 आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार आरोपियों के संभावित ठिकानों में दबिश दे रही थी। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस लगी है।

बता दें कि सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेलजोरा में दीपेश उर्फ संदीप लकड़ा की हत्या कर शव को ग्राम लुरेना बड़वापाट, कमलेश्वरपुर स्थित निर्माणाधीन पानी टंकी के नीचे गड्ढे में दफना कर ऊपर से कांक्रीट की ढलाई कर दी गई थी। पुलिस ने हत्याकांड का पर्दाफास होने पर मृतक के शव को जेसीबी से गड्ढा खोदवाकर काफी गहराई से बरामद किया था और धारा 365, 323, 34, 302, 201 भादंसं एवं 3(2)(5) एससी-एसटी एक्ट के तहत 04 आरोपियों प्रत्युश पाण्डेय, गुड्डू कुमार, तुलेश्वर तिवारी व शैल शक्ति साहू को गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था। घटना के अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने मामले को संज्ञान में लेकर फरार आरोपियों अभिषेक पाण्डेय एवं गौरी तिवारी पर 10 हजार रुपये ईनाम की उद्घोषणा की थी, साथ ही प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम का गठन किया था, जो आरोपियों के तलाश में लगी थी। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु हर संभावित ठिकानों में छापामार कार्रवाई कर रही है। इसी दौरान पुलिस टीम को फरार आरोपी गौरी तिवारी के संबंध में अहम सुराग हाथ लगे थे, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गौरी तिवारी उर्फ कनिका पिता रेवती 30 वर्ष, निवासी बेलजोरा को जिला कोरिया के पटना थाना अंतर्गत ग्राम बिलारो में रहने वाले नजदीकी रिश्तेदारों के ठिकाने से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी गौरी तिवारी से घटना के संबंध में पूछताछ करने पर उसने हत्या में शामिल होना स्वीकार किया है, साथ ही घटना दिनांक को मृतक दीपेश उर्फ संदीप लकड़ा की ग्राम उलकिया में उपस्थिति के बारे में मुख्य आरोपी अभिषेक पाण्डेय एवं अन्य को सूचना देना बताया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में पुलिस ने भेज दिया है। प्रकरण के मुख्य आरोपी अभिषेक पाण्डेय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस हरसंभव हथकंडे अपना रही है। इनके स्वजन से भी पुलिस सख्ती से पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही मुख्य आरोपी गिरफ्तार होगा। कार्रवाई में थाना प्रभारी सीतापुर उप निरीक्षक रघुनाथ राम भगत, महिला आरक्षक पुष्पा लकड़ा, आरक्षक पवन गुलेरी, सैनिक रमेश लकड़ा शामिल रहे।  

Categorized in: