झारखंड के दंपती ने टोना-टोटका के संदेह पर वृद्धा की हत्या कर फेंकी थी लाश

 बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के चांदो थाना क्षेत्र अंतर्गत इदरीकला पहाड़ी पर आठ माह पूर्व बरामद हुए नरकंकाल के मामले में डीएनए जांच में मृतिका की पहचान होने पर चांदो पुलिस ने पड़ोसियों को हत्या व साक्ष्य छिपाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। दंपती ने अपने बच्चों की लगातार हो रही मौतों का कारण वृद्धा को मानते हुए उस पर जादू-टोना का शक करते आ रहे थे। इसी कारण उन्होंने उसकी हत्या कर शव को पहाड़ी पर छिपा दिया था। मृतिका और आरोपी दोनों ही पड़ोसी प्रांत झारखंड के निवासी हैं।

जानकारी के मुताबिक जनवरी 2024 में ग्राम सरुवत झारखंड के रामलाल किसान ने चांदो थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसके गांव के सीमावर्ती इलाके से लगे छतीसगढ़ की सीमा के ग्राम इदरीकला की पहाड़ी में मानव हड्डियां मिली हैं, जो करीबन दो माह पहले लापता हुई उसकी मां की हो सकती है। सूचना पर पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान घटनास्थल से बरामद मानव हड्डियों का डीएनए परीक्षण करवाया गया, जिसमें उक्त हड्डियां मृतिका सुखनी देवी 70 वर्ष का होना पाया गया। डीएनए रिपोर्ट से मृतिका की पुष्टि होने के बाद जांच के दौरान गवाहों के कथन पर मृतिका के पड़ोसी 40 वर्षीय कवलदेव नगेसिया और उसकी पत्नी 35 वर्षीय बजंती निवासी ग्राम सरुवत झरखंड को पकड़ कर पुलिस जब उनसे पूछताछ की तो दोनों ने वृद्धा के डायन टोनही होने के शक में गला घोंटकर हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को छिपा देना स्वीकार किया। आरोपी दंपति ने बताया कि पिछले 2-3 वर्षों के दौरान उनके तीन बच्चों की अचानक अज्ञात कारणों से मृत्यु हो गई थी, जिससे दोनों पति-पत्नी को मृतिका के ऊपर संदेह था कि वह जादू टोना करके उसके बच्चों को मार रही है। पिछले वर्ष नवंबर माह में जब मृतिका सुखनी देवी किसी काम से पहाड़ी रास्ते से ग्राम इदरिकला आ रही थी तब बजंती के द्वारा मृतिका के सिर में पहले पत्थर से हमला कर उसे घायल कर दिया, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद बजंती ने अपने पति कवलदेव के साथ साक्ष्य छिपाने के लिए शव को घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर ले जाकर झाड़ियों के नीचे डाल दिया। आरोपी दंपती के विरूद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद 2 सितम्बर 2024 को दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से दोनेां को न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी चांदो निरीक्षक भापेंद्र साहू, सउनि गिरीश सहाय, महिला प्रधान आरक्षक प्रमिला टोप्पो, विन्दा, आरक्षक संदीप कुजूर, अमरसाय, मुकेश सिदार, विश्वनाथ ठाकुर एवं अशोक नाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 

Categorized in: