आजाद सेवा संघ ने जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यानाकर्षण कराया

 अंबिकापुर। शहर के गांधीनगर इलाके में इन दिनों बिजली कटौती की समस्या विकराल रूप ली हुई है। चार से पांच घंटे बिजली गोल रहने से उपभोक्ताओं को बारिश के दिनों में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा रिंग रोड की स्ट्रीट लाइट बंद रहने से अंधेरा छाए रहता है। इन समस्याओं को लेकर आजाद सेवा संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग के मुख्य कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि गांधीनगर क्षेत्र में पॉवर कट की समस्या प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। हल्की सी बारिश के बाद लाइट 4 से 5 घंटे गोल हो जाती है। कुछ ही दिन पूर्व गांधी चौक हनुमान मंदिर के पास नया ट्रांसफार्मर भी लगाया गया है, इसके बावजूद कभी लो लाइट तो कभी दिन भर बिजली गोल रहने की स्थिति बनती है। इसके अलावा रिंग रोड और मुख्य मार्गों पर लगी रोड लाइटें पिछले कई दिनों से बंद या खराब हैं। इस समस्या पर बिजली विभाग का ध्यान नहीं गया है। रात के समय इन मार्गों में अंधकार छाया रहता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर खतरे की स्थिति बन रही है। अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं की संख्या में वृद्धि हो रही है और लोग हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर यात्रा करने मजबूर हैं। अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों बढ़ जाती हैं, जिससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब जनता बिजली विभाग से बुनियादी सेवाओं की अपेक्षा करती है, तब ऐसी लापरवाही देखने को मिलती है। एक ओर, शहर के विकास और सुरक्षा की बातें की जाती हैं, वहीं दूसरी ओर रोड लाइट जैसी आवश्यक सेवाओं की अनदेखी की जा रही है। आग्रह किया गया है कि रिंग रोड व मुख्य मार्गों पर लगी रोड लाइट का सुधार कराया जाए और नियमित रूप से इनकी देख-रेख सुनिश्चित की जाए ताकि आम जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सके। इस पर आश्वासन मिला कि रिंग रोड में लाइट की समस्या का चिन्हांकन शाम से ही कराया जाएगा और गांधीनगर क्षेत्र में जहां पॉवर कट की सबसे अधिक समस्या है, उसे जल्द से जल्द ठीक कराया जाएगा। इस दौरान छात्र मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रतीक गुप्ता, अतुल गुप्ता, रवि गुप्ता, रामप्रवेश, हरि ओम उपस्थित रहे।

Categorized in: