बैकुंठपुर। नगर में स्थित मानस भवन में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित तीज महोत्सव कार्यक्रम सम्पन्न हुआ‌। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में महिला एवं बाल विकास व समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े शामिल हुईं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि तीज त्यौहार ने हमें हमारी सांस्कृतिक धरोहर और पारंपरिक मूल्यों की एक बार फिर याद दिलाई और हमारे समाज में महिलाओं की शक्ति और एकता की भावना को मजबूती प्रदान की। तीज महोत्सव कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं एवं महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी कला और सांस्कृतिक ज्ञान का प्रदर्शन किया। यहां पर विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिता जैसे पारंपरिक तीज गीत, नृत्य, सजावट और खेल ने उत्सव को और भी जीवंत बना दिया। कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को स्मृति चिन्ह और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि इस महोत्सव ने हमें यह याद दिलाया कि हम अपनी सांस्कृतिक धरोहर को संजोकर रख सकते हैं और एकजुट होकर सामूहिक खुशियां मना सकते हैं। उम्मीद है कि इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी समाज को एकजुट करने और सांस्कृतिक मूल्यों को प्रमोट करने के लिए होते रहेंगे। इस दौरान मुख्य रूप से महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री चम्पा देवी पावले, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी जायसवाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती धर्मवती राजवाड़े समेत महिला मोर्चा की कार्यकर्ता और महिलाएं मौजूद रहीं।

Categorized in: