बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ प्रदेश में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश का असर नदी नालों पर दिखाई देना शुरू हो गया है। बलौदा बाजार जिले में नदी नाले उफान की ओर अग्रसर हैं। महानदी और शिवनाथ नदी में एनीकट से दो फीट ऊपर पानी बह रहा। कुछ जगहों पर पानी पूल को छूते हुए निकल रहा है। लगातार बरसात से बाढ़ की स्थिति बन गई है। इसे देखते हुए कलेक्टर दीपक सोनी ने जिले के सभी एसडीएम और तहसीलदारों सहित बाढ़ राहत की टीम को सतत निगरानी रखने निर्देश दिए हैं।

बारिश ने जहां एक तरफ लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत प्रदान की है। वहीं दूसरी ओर लगातार हो रहे बरसात से जल जमाव और बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई है। हालात ऐसे बन गए हैं कि नदी किनारे गांव में प्रशासन को मुनादी करनी पड़ी है। तीज भाव और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए नदी किनारे जाने से लोगों को मना किया गया है। इतना ही नहीं बलौदा बाजार जिले कसडोल क्षेत्र में भी लगातार बारिश से सड़कों पर पानी भर गया है। वहीं लगातार तेज बारिश और अंधड़ से कसडोल विधानसभा की पूर्व विधायक शकुन्तला साहू के अस्थायी निवास का टिन शेड गिर गया। इस घटना में हालांकि किसी को चोट नहीं लगी है, घर में केवल चौकीदार मौजूद था।

बाढ़ संभावित पुल पर आवागमन रोकने तैनात की गई प्रशासन की टीम

शिवनाथ नदी के लगातर बढ़ते जलस्तर और तटीय गावों में बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए कलेक्टर दीपक सोनी ने नागरिकों से सुरक्षित रहने की अपील की है। वे लगातार स्थिति पर नजर बनाएं हुए है। सम्बंधित अधिकारियों से जानकारी ले रहे हैं। बाढ़ और आपदा से बचाव के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने सेमरिया घाट के ऊपर से पानी बहने की स्थिति को देखते हुए प्रशासन की टीम को तैनात रहने और बाढ़ वाले संभावित स्थानों में लगातार मुनादी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिलें के सभी बाढ़ संभावित पुल पर आवागमन भी रोक दी गई है।

सहायता के लिए कंट्रोल रुम स्थापित व नम्बर जारी
बाढ़ और अप्रिय स्थिति से निपटने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए आपदा नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। यह कार्यालय 24 घंटे सक्रिय रहेगा। जिसका हेल्पलाइन नम्बर – 07727- 222454 है। जिसमें विभिन्न अधिकारियों की रूटीन में ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी संयुक्त कलेक्टर मिथलेश डोण्डे मोबाईल 94255- 23514, सहायक नोडल अधिकारी सुरेश देवांगन मोबाईल नम्बर 78697-77184 के रूप में नियुक्त किया गया है।

12 घंटे पहले देंगे नदी में पानी छोड़ने की सूचना

कलेक्टर दीपक सोनी ने सभी तहसीलदारों और एसडीएम को फील्ड में रहने के निर्देश दिए है। नदी तट एवं निचली इलाको में वर्षा और बाढ़ की पानी से जान माल की हानि पर राहत प्रकरण बनाकर जिला कार्यालय को सूचित करने कहा है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को मौसमी बीमारियों से सम्बंधित दवाइयों की उपलब्धता कराने अमला तैनात करने और जलसंसाधन विभाग को अन्य जिलों से नदी में पानी छोड़ने के 12 घंटे पहले सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Categorized in: