*नानी के घर में हुई घटना से पूरा परिवार सदमे में*  
*सगे भाई-बहनों के एक साथ अंतिम संस्कार का नजारा देख सभी की आंखें हुई नम*
अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर प्रखंड अंतर्गत रघुनाथनगर थाना क्षेत्र के ग्राम केसारी में शुक्रवार की सुबह पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। घटना से पूरा परिवार सदमे में है। दोनों बच्चे अपनी नानी के यहां मां के साथ घूमने आए थे। यहां नया घर बनाने के लिए कॉलम खड़ा करने गड्ढा खोदकर छोड़ा गया था, जिसमें पानी भरा हुआ था। दोनों बच्चे खेलते-खेलते गड्ढे तक पहुंच गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना से मासूम बच्चों की मां सदमे से उबर नहीं पाई है।
जानकारी के मुताबिक बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेतो निवासी धीरेंद्र जायसवाल की पत्नी अपने मायके ग्राम केसारी गई थी, उनके बच्चे 6 वर्षीय कार्तिक व 5 वर्षीय दीपा भी नानी के घर घूमने गए थे। नानी के घर के बाहर नया घर बनाने के लिए जेसीबी से गड्ढा खोदा गया था। बारिश के कारण गड्ढे में पानी भरा था। स्वजन इस बात से अनजान थे कि यह गड्ढा बच्चों के लिए काल बन जाएगा। शुक्रवार की सुबह दोनों बच्चे खेलते-खेलते गड्ढे के पास पहुंचे और पैर फिसलने से अचानक गड्ढे में गिर गए। घटना के समय घर का कोई भी सदस्य मौके पर नहीं था, जिस कारण सभी बड़ी अनहोनी से अनजान थे। काफी देर तक बच्चे घर में नजर नहीं आए तो स्वजन उन्हें खोजने लगे। इसी बीच जब उन्होंने गड्ढे में झांककर देखा तो दोनों बच्चे पानी से भरे गड्ढे में नजर आए। इनके शरीर में किसी तरह की हरकत नहीं हो रही थी। बच्चों को तत्काल पानी भरे गड्ढे से बाहर निकालकर वे अस्पताल ले गए, यहां जांच पश्चात डॉक्टर ने इन्हें मृत घोषित कर दिया। मासूम कलेजे के टुकड़ों की स्थिति देख मां के होश उड़ गए। इस हादसे के बाद अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर रघुनाथनगर पुलिस ने मौका जांच किया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चों का शव उनके स्वजन के सुपुर्द कर दिया। सगे भाई बहनों का एक साथ अंतिम संस्कार देख सभी की आंखें नम हो गई।

Categorized in: