अंबिकापुर। मारपीट कर नगदी एवं चांदी की चैन लूटपाट करने के मामले मेंं मणिपुुर थाना पुलिस ने ईनाम उद्घोषित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सरगुजा द्वारा मामले के आरोपी की गिरफ्तारी हेतु 5000 रुपये के नगद ईनाम की उद्घोषणा की थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा, पेचकस एवं नगद रकम 200 रुपये बरामद किया है। पुलिस के हाथ चांदी का चैन नहीं लग पाया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस लगी है।

जानकारी के मुताबिक अंकित मिश्रा 24 वर्ष निवासी केनाबांध ने थाना मणिपुर में 21 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराया था कि घटना तिथि को वह अपने साथी के साथ गर्ल्स कॉलेज के गेट की ओर गया था। यहां मौजूद राहुल जायसवाल अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गाड़ी चलाना नहीं आता है, कहते हुए हाथ, डंडा एवं पेचकस से मारपीट किया था, जिसमें उसे चोट आई थी। राहुल जायसवाल द्वारा अंकित मिश्रा के पॉकेट में रखे 500 रुपये नगद एवं गले में पहने चांदी के चैन को छीन लिया था। रिपोर्ट पर थाना मणिपुर में धारा 394, 34 का अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस आरोपियों के खोजबीन में लगी थी। घटना के पश्चात से लगातार फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक सरगुजा ने 5000 रुपये ईनाम की उद्घोषणा की थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी पुलिस ने इसी क्रम में राहुल जायसवाल 22 वर्ष निवासी अटल आवास बाबूपारा को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने अपराध में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा, पेचकस एवं नगद रकम 200 रुपये बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, अन्य आरोपियों के तलाश में पुलिस लगी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी मणिपुर निरीक्षक दुर्गेश्वरी चौबे, सहायक उप निरीक्षक नवल किशोर दुबे, प्रधान आरक्षक पीताम्बर सिंह, आरक्षक अतुल शर्मा शामिल रहे।

Categorized in: