ग्रीन सिग्नल मिलते ही बढ़ी ट्रक और उठाया आत्मघाती कदम

अंबिकापुर। शहर के व्यस्त मार्ग से लगे गांधी चौक में पुलिस अधीक्षक निवास के समीप शुक्रवार को एक व्यक्ति अचानक ट्रक के पहिए के नीचे आकर खुदकुशी कर लिया, मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांधी चौक पर लोगों का मजमा जमा हो गया, जिसे हटाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मृतक संजीत गुप्ता 50 वर्ष रामानुजगंज का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह मिशन चौक अंबिकापुर में रहने वाले बेटी-दामाद के यहां आया था।  

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को दोपहर साढ़े तीन बजे शहर के सबसे व्यस्ततम गांधी चौक पर संजीत गुप्ता उस समय ट्रक के नीचे आकर खुदकुशी कर लिया, जब रेड सिग्नल हटा और ग्रीन सिग्नल मिलने पर ट्रक चालक आगे बढ़ रहा था। मृतक का शव ट्रक के पिछले चक्के में बुरी तरह से फंसा गया था। ट्रक के पीछे मौजूद लोगों ने उसे पहिए के नीचे कूदते देख लिया था। आशंका जताई जा रही है कि उसने खुदकुशी करने के उद्देश्य से ही यह कदम उठाया होगा। गांधी चौक में रेड सिग्नल मिलने के कारण वाहनों के चक्के थम जाते हैं। ग्रीन सिग्नल मिलने पर ट्रक ड्राइवर वाहन आगे बढ़ाया, इस दौरान संजीत ट्रक के पिछले चक्के में घुस गया था। साइड मिरर से जैसे ही ट्रक चालक ने इस नजारे को देखा वह फौरन वाहन को रोक दिया था, लेकिन ट्रक के पिछले चक्के में बुरी तरह से फंसकर वह दम तोड़ दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही गांधी चौक पर भीड़ एकत्र होने लगी, जिसे यातायात पुलिस के जवानों ने हटाया और गांधीनगर थाना पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। शव को देखने के बाद स्वजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। बता दें गांधी चौक पर कई दर्दनाक हादसे हो चुके हैं, लेकिन शुक्रवार को हुई घटना ने सभी को अचंभित कर दिया। बताया जा रहा है जब तक रेड सिग्नल में वाहनों के पहिए थमे थे, संजीत डिवाइडर पर खड़ा था।  ट्रक के आगे बढ़ते ही उसने आत्मघाती कदम उठाया, जिसे देखकर लोगों का दिल दहल उठा। संजीत के द्वारा डिप्रेशन में आकर ऐसा कदम उठाने की जानकारी सामने आ रही है। मृतक कुछ दिनों से काफी तनाव में रहता था, पूछने पर वह स्वजन को कुछ नहीं बताया था। पुलिस जांच में ही सामने आ पाएगा कि बेटी-दामाद के घर आने के बाद वह ऐसा कदम क्यों उठाया।

Categorized in: