*भर्ती 40 मरीजों को किया गया अन्यत्र शिफ्ट* 
अंबिकापुर। शहर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बुधवार को दोपहर में अचानक मेल सर्जिकल वार्ड में शार्ट सर्किट की वजह से हुए विस्फोट से हड़कंप मच गया। इस दौरान मरीज व‌ उनके स्वजन घबरा गए। आनन-फानन में वार्ड में भर्ती लगभग 40 मरीजों को अन्यत्र शिफ्ट किया गया। सूचना पर अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी और बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। किसी भी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई। 
जानकारी के अनुसार, बुधवार को दोपहर तकरीबन 12.30 बजे के करीब मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सर्जिकल यूनिट में जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया। पूरे सर्जिकल यूनिट में धुआं भर जाने के कारण अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी जैसे ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन को हुई सभी मौके पर पहुंचे और सबसे पहले उन्होंने सर्जिकल यूनिट में एडमिट 40 मरीजों को दूसरे यूनिट में शिफ्ट किया। इस दौरान कुछ मरीजों के स्वजन इतना घबरा गए थे कि वे रोने लगे, अस्पताल प्रबंधन के साथ-साथ मौके पर मौजूद आम जन भी लोगों की मदद करते नजर आए। हालांकि शॉर्ट सर्किट के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों के तत्काल पहुंचने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई है। बढ़ती गर्मी की वजह से इन दिनों अस्पताल में कूलर, पंखों और एसी की वजह से बिजली की लगातार खपत बढ़ी है। ओवरलोड की स्थिति बनने के कारण हमेशा खतरे की स्थिति बनी रहती है। हालांकि अस्पताल के विस्तार के बाद प्रबंधन द्वारा विद्युत की खपत के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, लेकिन भीषण गर्मी के मौसम में विद्युत भार अत्यधिक होने से ऐसे हालात बन रहे हैं।

Categorized in: