आरोपी ने सोने का चैन अज्ञात व्यक्ति को बेचना बताया, पुलिस कर रही तस्दीक

अंबिकापुर। वृद्ध महिला के गले से सोने का चैन लूटने के मामले में फरार आरोपी को विशेष पुलिस टीम एवं गांधीनगर थाना पुलिस टीम ने हर संभावित रास्तों के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन करने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से पुलिस ने तीन हजार रुपये नगद, स्कूटी, मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी ने सोने का चैन किसी अपिरिचित व्यक्ति को बेचने की जानकारी दी है, इसकी तस्दीक करने में पुलिस लगी है।

जानकारी के मुताबिक नवापारा निवासी प्रशांत सोनी ने बीते आठ मई को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि नवापारा स्थित घर में वह किराना एवं मोबाइल दुकान का संचालन करता है, उसकी दादी सुमित्रा सोनी काफी बुजुर्ग हैं और वॉकर से चलना-फिरना करती हैं। आठ मई को देर शाम को दादी दुकान से उठकर गली से होते वॉकर के सहारे घर जा रही थी, इसी दौरान  अज्ञात स्कूटी सवार युवक उनके गले से पहने हुए सोने का चैन को लूटकर उन्हें धक्का मारते हुए मौके से फरार हो गया था। दादी के शोर मचाने पर मौके पर मां और बहन पहुंचे तो दादी सुमित्रा सोनी मौके पर गिरी हुई थी। उन्होंने गले में सोने का चैन लूटकर भागने की जानकारी स्वजन को दी। घटना की जानकारी मिलने पर जब वह घर आकर सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो अज्ञात स्कूटी चालक दादी के गले से सोने का चैन खींचकर उन्हें धक्का मारकर भागते हुए नजर आया। लूटे गए सोने के चैन की कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई गई थी। मामले में पुलिस ने धारा 392 भादवि का केस दर्ज कर विवेचना में लिया था। पुलिस ने शहर के भ_ी रोड में रहने वाले आरोपी विकास जायसवाल को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया है, जो मूलत: बलरामपुर जिले का रहने वाला है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक अश्वनी सिंह, उप निरीक्षक अश्वनी दीवान, सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा व विवेक पाण्डेय, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, गणेश कदम्ब, आरक्षक बृजेश राय, उमाशंकर साहू, सत्येंद्र दुबे, संजीव चैबे, मनीष सिंह, राहुल सिंह, अतुल सिंह, अरविन्द उपाध्याय शामिल रहे।

लुटेरे ने अंबिकापुर में बनाया था ठिकाना
पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद सभी संभावित मार्गों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन की। आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस ने सायबर सेल से तकनीकि जानकारी प्राप्त कर बलरामपुर जिला के शंकरगढ़ थाना अंतर्गत दामोदरपुर रोड़कमारी के मूल निवासी आरोपी विकास जायसवाल 26 वर्ष को घेराबंदी करके पकड़ा, जिसका हालिया ठिकाना भट्टी रोड अंबिकापुर में है। पुलिस ने आरोपी के पास से सोने के चैन की बिक्री करने में मिली रकम में से तीन हजार रुपये जप्त किया है।

एक दिन पहले वृद्धा के गले में देखा चैन, दूसरे दिन किया वारदात
पूछताछ में आरोपी विकास जायसवाल ने पुलिस को बताया कि घटना तिथि से एक दिन पहले 07 मई को वह नवापारा शिव मंदिर की तरफ गया था, जहां उसे वृद्ध महिला गले में सोने का चैन पहनकर वॉकर के सहारे घूमते दिखी थी। अगले दिन आठ मई को वृद्ध महिला के गले से सोने का चैन लूटने के लिए अपने स्कूटी से नवापारा शिव मंदिर की ओर गया। देर शाम अकेले वॉकर टेकते वृद्धा को आते देखा और आसपास किसी की मौजूदगी नहीं देख वह वृद्ध महिला के गले से सोने के चैन खींच लिया था। इसके बाद आरोपी वृद्ध महिला को धक्का देकर मौके से फरार हो गया था। बाद में वह उक्त सोने के चैन को अपिरिचित व्यक्ति को आवश्यक काम होने की बात कहकर बेच दिया था।

Categorized in: