पुलिस ने पांच आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज किया

अंबिकापुर। वैवाहिक आयोजन में बिन बुलाए मेहमान डीजे लेकर पहुंच गए और तेज आवाज में डीजे बजाकर नाचने लगे। इसी बात को लेकर बारातियों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। बाद शादी में आए बारातियों पर जमकर लाठी, डंडा, ईंट, पत्थर आरोपियों ने बरसाना शुरू कर दिया, जिसमें वे जख्मी हो गए। घटना की रिपोर्ट उदयपुर थाना में दर्ज कराई गई है, जिस पर पुलिस ने मारपीट सहित अन्य धाराओं के तहत पांच आरोपियों के विरूद्ध मामला दर्ज किया है।


जानकारी के मुताबिक रामबिलास तुरिया पिता सुखन राम 42 वर्ष निवासी मुटकी थाना उदयपुर की लड़की का विवाह ग्राम घुघरीकला कुसमी जिला बलरामपुर निवासी राजेन्द्र के साथ तय था। 16 मई को सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार लड़की की शादी के लिए घुघरीकला से बारात में होने वाले दामाद राजेन्द्र के साथी पंकज कुमार, राजदेव तुरिया, लालदेव तथा बड़ा भाई सुरेन्द्र तुरिया गांव के गणमान्य नागरिक आए थे। स्कूल ग्राउंड में वैवाहिक आयोजन के लिए टेंट लगा था। रात करीब 12 बजे शादी कार्यक्रम शुरू होने के दौरान डीजे लेकर गांव के नवल तुरिया, सत्यप्रकाश पैंकरा, लखन तुरिया, लक्ष्मण तुरिया व माढो पैकरा टेंट के पास डीजे लेकर आ गए और बजाकर नाचने लगे, जबकि बाराती और घराती पक्ष के द्वारा डीजे नहीं मंगाया गया था। इसी बीच बाराती पक्ष के राजदेव तुरिया, पंकज तुरिया, लाल देव व सुरेन्द्र तुरिया से इनका डीजे तेज आवाज में बजाने को लेकर विवाद होने लगा। विवाद शांत करने का स्वजन व गांव के लोगों ने काफी प्रयास किया लेकिन वे काफी साउंड में डीजे बजाने से बाज नहीं आ रहे थे, जिस कारण देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया और आरोपी एकराय होकर गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर ईंट, पत्थर, डंडा से बाराती पक्ष के लोगों को मारने लगे। मारपीट में राजदेव, पंकज, लालदेव व सुरेन्द्र को चोट आई है। रिपोर्ट पर पुलिस ने नवल तुरिया, सत्यप्रकाश पैंकरा, लखन तुरिया, लक्ष्मण तुरिया व माढ़ो पैकरा के विरूद्ध धारा 147, 148, 294, 506, 323 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

Categorized in: