अंबिकापुर। दरिमा थाना पुलिस ने महिला के जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कर धोखाधड़ी करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला महिला के पैतृक जमीन की फर्जी रजिस्ट्री का है, जिसके एक आरोपी को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है।

जानकारी के मुताबिक दरिमा निवासी मीना कुमारी ने 21 जून 2023 को थाना दरिमा में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसके कब्जे एवं स्वत्व की खसरा क्रमांक 7, कुल रकबा 1.0570 हेक्टेयर भूमि दरिमा में स्थित है। उक्त भूखंड के खसरा क्रमांक 158/1 रकबा 0.215 हेक्टेयर में से 0.195 हेक्टेयर, खसरा क्रमांक 235 रकबा 0.308 हेक्टेयर भूखंड का कृष्णा यादव ने आवेदिका मीना कुमारी के नाम से फर्जी मुख्तारनामा अपने नाम पर बनवा कर क्रेता मोहम्मद वासिम के नाम पर 23 मई 2023 को रजिस्ट्री कर दिया। उपरोक्त भूमि की फर्जी रजिस्ट्री करने के बाद आरोपी महिला के साथ अभद्र व्यवहार करते आ रहा था। जमीन की फर्जी रजिस्ट्री की रिपोर्ट पर दरिमा थाना पुलिस ने धारा 420, 467, 468, 471, 34 भादवि का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया था। विवेचना में लगी पुलिस टीम ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की और आरोपी सैयद इम्तियाज अली 40 वर्ष, निवासी नवागढ़ को घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। इसी मामले में पूर्व में पुलिस ने एक आरोपी कृष्णा यादव 42 वर्ष निवासी कुंदीकला थाना लुण्ड्रा, हालमुकाम गौरी वार्ड बौरीपारा अंबिकापुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। फरार आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी दरिमा उप निरीक्षक सेतराम गहिर, सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, रामचंदर कुजूर, महिला आरक्षक अंजलि चैधरी, आरक्षक मनीष सिंह, अकलेश यादव, दुर्गेश राजवाड़े, राज जायसवाल, राजीव एक्का, भूपेंद्र सिंह सक्रिय रहे।

Categorized in: