अंबिकापुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आगामी 24 अप्रैल को अंबिकापुर आगमन होना है। इसे लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा की दृष्टि से शहर के गांधी स्टेडियम में हेलीपैड का निर्माण बड़े हिस्से में कराया जा रहा है। निगम के महापौर डॉ. अजय तिर्की को शुक्रवार की रात 11 बजे आम लोगों से स्टेडियम में निर्माण सामग्री सीमेंट, गिट्टी, बालू गिरने की जानकारी मिली, तो उन्होंने अपने अधीनस्थों से संपर्क करके निर्माण कार्य के संबंध में जानने का प्रयास किया, लेकिन वे भी इससे अनभिज्ञ थे। सुबह जब वे स्टेडियम में पहुंचे तो बड़े हिस्से को कांक्रीट, सीमेंट से ढाल दिया गया था। हेलीपैड का निर्माण शुरू होने के बाद शनिवार की सुबह यहां खेलने, टहलने, योगा व कसरत करने के लिए लोग पहुंचे तो गेट में लगे ताला को देखकर वापस हो लिए। मामला पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के संज्ञान में आया और उन्होंने सरगुजा कलेक्टर के नाम पत्र लिखकर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सहित अन्य कांग्रेसजनों के माध्यम से प्रशासन को प्रेषित किया है। इसमें उन्होंने गांधी स्टेडियम में खेल के अलावा अन्य गतिविधियों को रोकने का उल्लेख किया है। प्रशासन ने भले ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से हेलीपैड बनाने की पहल की है, लेकिन इसे लेकर कांग्रेस ही नहीं विभिन्न खेल संगठनों की ओर से भी गंभीर प्रतिक्रिया सामने आ रही है। नगर निगम में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों महापौर, सभापति, और एमआइसी को अंधरे में रखकर मनमाने तरीके से जिला प्रशासन द्वारा स्टेडियम में हेलीपैड का निर्माण कराने का आरोप लग रहा है। हेलीपैड के निर्माण के कारण स्टेडियम की सतह जिस हद तक खराब हो गई है, उसको पुन: स्थापित करने में निगम को छह माह का समय लग जाएगा। निगम की आर्थिक स्थिति को देखते हुए यह एक अतिरिक्त भार होगा। निगम के सभापति अजय अग्रवाल प्रशासन की इस गतिविधि से काफी रुष्ट नजर आए और कहा कि प्रशासन गांधी स्टेडियम का नाम बदलकर गांधी हेलीपैड कर दे। उन्होंने कहा कि करोड़ों के बजट में इस मैदान को पिछले 10 वर्षों में सजाया, संवारा गया था। प्रशासन ने मनमाने तरीके से एक ही झटके में इसे तहस-नहस कर दिया। प्रशासन ने शहर की जनभावनाओं का ध्यान ही नहीं रखा। शहर में कई ऐसे सुरक्षित स्थल हैं, जहां हेलीपैड की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती थी। बहरहाल जिस तेजी के साथ स्टेडियम में हेलीपैड का निर्माण शुक्रवार की रात से निर्माण सामग्री कराने के बाद चलते नजर आया, इसे देखकर निर्माण कार्य रोकने या कहीं और हेलीपैड निर्माण की उम्मीद करना बेकार है। वहीं कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल में शामिल महापौर डॉ. अजय तिर्की, नगर निगम के सभापति अजय अग्रवाल, पीसीसी उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव, महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हेमंत सिन्हा एवं विनय शर्मा, विनित जायासवाल, अनूप मेहता, गुरुप्रित सिद्धू, विकल झा, आशीष वर्मा, हिमांशु जायसवाल, रजनीश सिंह सहित कई खेल संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी भावनाओं से सरगुजा कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन पत्र सौंपकर अवगत करा दिया है।


भाजपा के दिवंगत नेता की पहल पर लिए गए संकल्प से स्मरण कराया टीएस ने

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कलेक्टर को संबोधित पत्र में उल्लेख किया है कि शहर के विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों, खेल संगठनों, खेल प्रेमियों एवं आमजनों से उन्हें यह जानकारी मिली है कि गांधी स्टेडियम में हैलीपैड का निर्माण कराने हेतु काफी मात्रा में निर्माण सामग्री गिराई गई है। मैं यह बताना चाहूंगा कि राजनीतिक रूप में पार्टी लाइन से बाहर जाकर हम सब ने भाजपा के दिवंगत नेता स्व. रविशंकर त्रिपाठी की पहल पर यह संकल्प लिया था कि गांधी स्टेडियम का उपयोग केवल और केवल खेल गतिविधियों के लिए किया जाएगा। खेल गतिविधियों के अलावे किसी भी प्रकार के सांस्कृतिक, धार्मिक अथवा राजनीतिक गतिविधियों के लिए इस स्टेडियम का उपयोग नहीं किया जाएगा। इस पर सबकी सहमति थी और सभी हमेशा से इस पर ध्यान भी देते आ रहे हैं। उन्होंने आगे उल्लेख किया है कि मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अंबिकापुर में स्वागत करता हूं, किन्तु इसके लिए गांधी स्टेडियम का उपयोग और वहां पर हैलीपैड बनाए जाने के पक्ष में नहीं हूं और इसका विरोध दर्ज कराता हूं। मेरा आपसे आग्रह है कि शहर के एकमात्र खेल गतिविधियों का केन्द्र जहां पर सुबह-शाम खिलाड़ियों, युवाओं से लेकर शहर के गणमान्यजन स्वास्थ्य की दृष्टि से वॉकिंग करने यहां आते हैं। ऐसे खेल मैदान को एक राजनीतिक कार्यक्रम की दृष्टि से बर्बाद न करें। हैलीपैड का निर्माण शहर में कहीं और भी किया जा सकता है। पूर्व से पुलिस लाइन एवं पीजी कॉलेज ग्राउंड में हैलीपैड बना हुआ है और ज्यादा असुविधा न हो तो दरिमा हवाई पट्टी भी नजदीक है, उसका उपयोग कर सकते हैं। मैं शहर के खिलाड़ियों, खेल संगठनों, खेल प्रेमियों, आमजनों एवं शहर के नागरिक के नाते तत्काल गांधी स्टेडियम में हैलीपैड निर्माण कार्य को रोकने का अनुरोध करता हूं।
कलेक्टर ने कहा-उच्च सुरक्षा कारणों से गांधी स्टेडियम में तैयार किया जा रहा हेलीपैड
25 अप्रैल को पूर्ववत अवस्था में करा दिया जाएगा मैदान
फोटो-
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विलास भोस्कर ने बताया कि प्रधानमंत्री आगमन में उच्च सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए निर्धारित नियमों का पालन किया जाना अनिवार्य होता है। इसे दृष्टिगत रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर जिला प्रशासन द्वारा गांधी स्टेडियम में हेलीपैड तैयार कराया जा रहा है। इस संबंध में निर्धारित प्रोटोकॉल एवं उच्च सुरक्षा व्यवस्था के मानकों पर केवल गांधी स्टेडियम स्थल उचित पाए जाने पर उसका चयन करके इन्हीं नियमों के अनुरूप गांधी स्टेडियम में हेलीपैड तैयार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना और जिले के आमजन की सुविधाओं का ध्यान रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। 25 अप्रैल को ही जिले के खिलाड़ियों एवं आमजन की सुविधा के मद्देनजर मैदान को प्रशासन द्वारा पूर्ववत अवस्था में कर दिया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित भी कर दिया गया है।

Categorized in: