जिपं उपाध्यक्ष आदित्येश्वर ने कलेक्टर को लिखा पत्र
 
अंबिकापुर। जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने कलेक्टर सरगुजा को पत्र लिख कर शहर के बच्चों, महिलाओं एवं अन्य वर्ग हेतु गर्मी की छुट्टी में स्पेशल समर लाइब्रेरी की व्यवस्था शुरू कराने की मांग की है। विगत दिनों शहर में जनसंपर्क दौरान कई स्थानों से लोगों ने जानकारी दी कि पहले स्कूली बच्चे काफी आराम से लाइब्रेरी में पुस्तकों का अध्ययन कर पाते थे, किन्तु इस वर्ष लाइब्रेरी के प्रथम तल में मरम्मत का कार्य कराया जाना है, जिसके कारण उस तल को बंद कर दिया गया है। यह भी जानकारी मिली है कि मरम्मत के लिए राशि का भी अभाव है, ऐसी स्थिति में कब तक वह तल पूरा होगा, इसकी समुचित जानकारी किसी के पास नहीं है। दूसरी ओर लोकसभा चुनाव के बाद कई परीक्षाओं का आयोजन होना है, जिस कारण लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं की काफी भीड़ है और ये युवा भी वेटिंग में हैं। ऐसे में छोटे बच्चों एवं अन्य लोगों को लाइब्रेरी में समुचित व्यवस्था नहीं मिल पा रही है।

आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने अपने पत्र में लिखा है कि कई अभिभावकों ने जानकारी दी है कि बच्चे कहानी की पुस्तकें एवं कई अन्य ज्ञानवर्धक पुस्तकों का अध्ययन करने गर्मी छुट्टी में जाते रहे हैं, लेकिन इस वर्ष यह व्यवस्था वहां नहीं मिल पा रही है। सिंह देव ने कहा है कि इतने बड़े शहर में यदि हम छोटे बच्चों के लिए लाइब्रेरी की सुविधा नहीं दे पा रहे हैं तो इससे बड़ी विडंबना और क्या होगी। केदारपुर स्कूल अथवा अन्य स्थान पर अप्रैल माह से लेकर जुलाई तक के लिए समर स्पेशल लाइब्रेरी जैसी व्यवस्था बच्चों, महिलाओं एवं अन्य लोगों के लिए जिला प्रशासन एवं ई-लायब्रेरी की व्यवस्था देख रहे विभाग को शुरू करनी चाहिए, जिससे बच्चों में पढ़ने की प्रवृत्ति का विकास हो। आदित्येश्वर ने रविवार को लाइब्रेरी खोलने की जिला प्रशासन की योजना का स्वागत किया है, किन्तु बच्चों के लिए भी जिला प्रशासन को ध्यान देने की मांग की है।

Categorized in: