व्यवसायिक कार्य निपटाकर देर रात घर जाने निकला था युवक

अंबिकापुर। अंबिकापुर-राजपुर मुख्य मार्ग में शहर के करीब शंकरघाट पुलिया के पास रविवार की देर रात कार डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें कार सवार व्यवसायी युवक घायल हो गया और वह पूरी रात वाहन में ही पड़ा रह गया। स्वजन युवक को घर नहीं पहुंचने के कारण पूरी रात परेशान रहे। सोमवार की सुबह स्थानीय लोगों ने कार में युवक को निष्प्राण स्थिति में देखा और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा, यहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार मणिदीप जायसवाल पिता सतानंद जायसवाल 40 वर्ष राजपुर थाना क्षेत्र के बरियों का रहने वाला था। वह बरियों में जनरल स्टोर का संचालन करता है। रविवार को व्यवसायिक कार्य से अंबिकापुर आया था। यहां से देर रात कार क्रमांक सीजी 15 डीडब्ल्यू 2151 से वापस घर लौट रहा था। रास्ते में शंकरघाट स्थित पुलिया के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। व्यवसायी पूरी रात घायल अवस्था में कार में ही पड़ा रह गया था। सोमवार को स्वजनों को दुर्घटना की जानकारी मिली और वे अंबिकापुर पहुंचे, जिससे शोक का माहौल निर्मित हो गया। दुर्घटना की स्थिति को देखते हुए कार के रफ्तार में होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। बहरहाल पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है।

Categorized in: