बतौली के व्यापारी की रिपोर्ट पर पुलिस तीनों को गिरफ्तार की, ट्रक जप्त  

अंबिकापुर। कनकी चावल लोड ट्रक के गायब होने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को झारखण्ड एवं पत्थलगांव से गिरफ्तार कर लिया है। बतौली से धनबाद जाने के लिए निकले कनकी चावल को आरोपियों ने छह लाख रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने ट्रक मालिक के कब्जे से ट्रक एवं नगदी 01 लाख 50 हजार रुपये एवं ट्रांसपोर्टर पिताम्बर यादव के कब्जे से 01 लाख रुपये जप्त किया है।

जानकारी के मुताबिक प्रवीण कुमार गर्ग 28 वर्ष, निवासी बतौली ने 06 अप्रैल 2024 को रिपोर्ट दर्ज कराया था कि सिल्लीगुड़ी के परमेश्वर प्रसाद शिवजी प्रसाद एंड कम्पनी नेहरू रोड और उनके बीच कनकी (चावल का टुकड़ा) का सौदा तय हुआ। चार मार्च को ट्रांसपोर्टर सिद्धिविनायक के संचालक पिताम्बर यादव निवासी पत्थलगांव से बात करके उन्होंने ट्रक क्रमांक जेएच 19 ए 7110 को किराए में लिया था। ट्रक निरंजन साहू निवासी गुमला की थी। ट्रक में चालक विरेन्द्र तिग्गा निवासी तेलया ने बतौली खड़धोवा से कनकी 530 बोरी, 28.540 टन, कीमत सात लाख 33 हजार 478 रुपये का लोड किया। सिल्लीगुड़ी के परमेश्वर प्रसाद शिवजी प्रसाद एंड कंपनी नेहरू रोड ने बताया कि अभी तक ट्रक धनबाद नहीं पहुंचा है। कनकी का सौदा किए प्रवीण कुमार गर्ग ने पता-तलाश शुरू किया, तो सामने आया कि उक्त ट्रक को वाहन मालिक निरंजन साहू के कहने पर चालक ने गुमला स्थित पेट्रोल पम्प में खड़ा कर दिया है। कनकी चावल को तीनों मिलकर योजनाबद्ध तरीके से कहीं बेच दिए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कनकी चावल भेजे प्रवीण कुमार गर्ग ने बतौली थाना में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। मामले में थाना बतौली एवं सायबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई थी। तकनीकी मदद से संयुक्त पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को झारखण्ड और पत्थलगांव से घेराबंदी करके पकड़ा। आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर सामने आया कि कनकी चावल को बतौली से लोड करके गुमला के एक व्यापारी के पास नगद 06 लाख रुपये में उन्होंने बेचा है। ट्रक मालिक निरंजन साहू ने बताया कि उसने घटना में प्रयुक्त ट्रक के लिए चार नग टायर, इंश्योरेंस में रुपये खर्च कर दिए हंै और एक लाख रुपये ट्रांसपोर्टर पिताम्बर यादव को दिया है। साथ ही कुछ अन्य कार्य में रुपये खर्च होना बताया गया। मामले के निराकरण में थाना बतौली से प्रभारी उपनिरीक्षक चन्द्रप्रताप तिवारी, आरक्षक राजेश खलखो, एहसान फिरदौसी, अशोक भगत, भगलू भगत, ओमप्रकाश गुप्ता एवं सायबर सेल टीम से सउनि अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, आरक्षक मनीष सिंह की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

पुलिस ने इन्हें किया गिरफ्तार  
* ट्रक मालिक निरंजन कुमार साव 33 वर्ष, निवासी खोरा थाना-जिला गढ़वा झारखण्ड.
* ट्रक चालक विरेन्द्र तिग्गा 25 वर्ष, निवासी तेल्या थाना राइढ़ी झारखण्ड.
* ट्रांसपोर्टर पिताम्बर यादव 50 वर्ष, निवासी दिवानपुर थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर छ.ग.

Categorized in: