अंबिकापुर। बतौली थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या करने के प्रयास के मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने घर में दशकर्म, चंदनपान के दौरान शराब पीने के लिए मना करने एवं चरित्र शंका को लेकर अपनी पत्नी के सिर में टांगी से प्राणघातक हमला किया था, जिसमें उसकी स्थिति गंभीर हो गई थी। घटना के समय बेटी के ससुराल में आरोपी की सास मौजूद थी, जिसे घर से बाहर निकालने के बाद आरोपी अपनी पत्नी के सिर में टांगी से हमला कर दिया था। गंभीर स्थिति में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की रिपोर्ट आरोपी की सास ने बतौली थाना में दर्ज कराई है।

जानकारी के मुताबिक धनकुंवर पिता स्व. पिलु सिंह 60 वर्ष, निवासी कटनईपारा थाना सीतापुर ने बतौली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह अपने देवर के पुत्र प्रमोद सिंह के साथ अपनी बेटी सोभावती के जेठानी के दशकर्म में शामिल होने आई थी। चंदनपान के दौरान वह घर के अंदर बैठी थी। इस दौरान उसका दामाद प्रेमनाथ पहुंचा और उसे घर से बाहर निकाल दिया और अंदर से दरवाजा बंद करके उसकी बेटी सोभावती के सिर में टांगी से प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गई। घटना के बाद आरोपी दामाद दरवाजा खोलकर भाग गया। जब वे अंदर गए तो उनकी बेटी खून से लथपथ पड़ी थी। बेहोशी की हालत में उसे अस्पताल लाया गया, जिस पर थाना बतौली में धारा 307 भादंसं का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया वे गवाहों के कथन के आधार पर आरोपी प्रेमनाथ सिंह पिता खुलन सिंह 47 वर्ष, निवासी बिरिमकेला को हिरासत में ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी को जप्त कर लिया है और गिरफ्तारी उपरांत न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। कार्रवाई में थाना बतौली से प्रधान आरक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह, फलेन्द्र पैंकरा, आरक्षक राजेश खलखो, एहसान फिरदौसी, अशोक भगत, रामदेव, भगलू राम पैंकरा, गजानन सिंह, महिला आरक्षक मेरीक्लारेट, सैनिक बजरंग, रामभरोस, सीताराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Categorized in: