अंबिकापुर। महुआ बिनने के लिए घर से कुछ फासले पर गई वृद्ध महिला को जंगली हाथी पटक दिया, जिसमें वह घायल हो गई। महिला का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम खलीबा-मेंड्रा, माझापारा की भिखनी बाई राजवाड़े पति मि_ू राम राजवाड़े 68 वर्ष, शनिवार को अलसुबह लगभग साढ़े पांच बजे महुआ बिनने के लिए गांव के करीब एक अन्य महिला के साथ गई थी। गांव के ही आठ-दस अन्य लोग भी महुआ बिनने गए थे, जो इनसे दूर थे। इसी दौरान दो जंगली हाथियों को देखकर साथ गई महिला व अन्य भागने लगे, लेकिन भिखनी बाई वहीं रह गई। जब तक वह कुछ समझ पाती, अचानक सामने हाथी आ गया, जिसे देखकर वह घबरा गई, उसे हाथी से बचने का मौका नहीं मिल पाया और हाथी उसे पटक दिया। इसके बाद वह बेहोश हो गई थी।
कल्याणपुर की ओर से देर रात पहुंचे दो हाथी
बताया जा रहा है कि कल्याणपुर की ओर से पहुंचे दो हाथी बस्ती तक पहुंच गए थे। तड़के तीन बजे के लगभग कुछ ग्रामीणों की हाथियों पर नजर पड़ी और वे हल्ला मचाते हुए इन्हें गांव की सीमा से दूर करने का प्रयास कर रहे थे। हाथियों को भगाने के लिए हो रहे शोर-शराबा को सुनकर गांव के और लोग भी घरों से निकल लिए। ग्रामीणों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए हाथी खलीबा बांध की ओर चले गए। यहां कुछ देर रूकने के बाद हाथी कुल्हाड़ी ग्राम की ओर रूख कर रहे थे, इसी दौरान खलीबा और मेंड्रा के बीच महुआ बिन रही वृद्ध महिला को हाथियों ने घायल कर दिया। वृद्ध महिला पर हमला के बाद हाथी सीधे आगे बढ़ गया, जिससे उसकी जान बच गई। हाथियों की मौजूदगी कुल्हाड़ी ग्राम के आसपास बताई जा रही है। इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग हाथियों की निगरानी में लग गया। इनके द्वारा ग्रामीणों को सचेत किया जा रहा है।

Categorized in: