अंबिकापुर। कमलेश्वरपुर थाना पुलिस ने हत्या का प्रयास के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। रुपये के लेनदेन को लेकर आरोपी ने एक महिला के अलावा अपनी ही पत्नी और भाई पर जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टांगी को जप्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुनिया की सुखनी बाई उर्फ मुनई पति बागेश्वर मांझी 45 वर्ष रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 मार्च को दोपहर करीब एक बजे वह सबल माझी के घर में उधार दिए गए एक सौ रुपये मांगने गई थी। इसी दौरान सबल माझी ने होली त्यौहार के दिन रुपये मांगने आई हो, कहते हुए गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और टांगी से उस पर प्रहार कर दिया, जिसमें उसके बाएं कंधे में चोट आई थी। इस बीच आरोपी सबल साय की पत्नी लटी बाई और उसके भाई इंजोर साय ने बीच-बचाव किया तो वह अपनी पत्नी लटी बाई पर भी तीन बार टांगी से वार किया, जिससे उसके दोनों पैर में गहरी चोट आई है। भाई इंजोर साय पर भी आरोपी ने टांगी से हमला कर दिया, जिसमें उसे पीठ में गहरा जख्म पहुंचा है। डॉयल 112 में सूचना के बाद इन्हें कमलेश्वरपुर अस्पताल लाया गया। पुलिस ने मामले में धारा 294, 506, 323, 307 भादंसं का केस पंजीबद्ध किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के आरोपी सबल माझी पिता स्व. जमुना माझी, 35 वर्ष निवासी कुनिया, थाना कमलेश्वरपुर को हिरासत में ले लिया है। आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। गिरफ्तारी में थाना कमलेश्वरपुर से प्रधान आरक्षक अखिलेश भगत, आरक्षक देवदत्त सिंह, आरक्षक आदेश कुमार की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

Categorized in: