इधर अवकाश के दिनों में स्थानांतरित कुलसचिव दूसरे दिन भी रहे सुर्खियों में

अंबिकापुर। हमेशा से विवादों में रहने वाले संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय से राज्य शासन द्वारा कुलसचिव बिनोद कुमार एक्का का स्थानांतरण रायपुर कर दिया है। इसके बाद यहां का पदभार कुलसचिव के पद पर स्थानांतरित किए गए डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी ने संभाल लिया है।

जानकारी के मुताबिक आचार संहिता के पहले 15 मार्च को ही राज्य शासन द्वारा संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलसचिव बिनोद कुमार एक्का का स्थानांतरण आयुक्त उच्च शिक्षा संचालनालय रायपुर कर दिया गया है। इनके स्थान पर सहायक प्राध्यापक समाज शास्त्र, शासकीय नवीन महाविद्यालय जनकपुर मनेंद्रगढ़, चिरमिरी डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी को प्रभारी कुलसचिव के पद पर प्रतिनियुक्ति दी गई है। विवि प्रबंधन का कहना है 16 मार्च, शनिवार को डॉ. त्रिपाठी ने कुलसचिव का प्रभार ले लिया है, इसके बाद भी स्थानांतरित कुलसचिव अपने कक्ष में रविवार को अवकाश के दिन फाइलों को खंगालने में लगे थे, ऐसे में वे सवालों के घेेरे में आ गए थे। कुछ लोगों ने अवकाश के दिन विश्वविद्यालय पहुंचकर फाइलों के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। इधर स्थानांतरित कुलसचिव बिनोद कुमार एक्का का कहना था उन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से स्थानांतरण की सूचना आचार संहिता लगने के बाद 16 मार्च को शाम चार बजे मिली है, ऐसे में वे क्या करें, इस संबंध में उन्होंने मार्गदर्शन मांगा था। उन्हें यह भी जानकारी मिली थी कि रविवार को प्रतिनियुक्ति पर आ रहे कुलसचिव पदभार ग्रहण करेंगे। इधर अवकाश के दिनों में कुलसचिव की विवि में उपस्थिति की खबर ने हंगामाखेज स्थिति बना दी। इसकी जानकारी कुछ लोगों के माध्यम से विवि के कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह को मिली और उन्हें भी अवकाश के दिनों में माजरा देखने के लिए विश्वविद्यालय आना पड़ा। कुलपति का कहना था कि अवकाश के दिनों में कुलसचिव के विवि आने का कोई मतलब ही नहीं है। बहरहाल इन झंझावातों के बीच विवि प्रबंधन ने पदभार संभालने के पत्रक को सामने लाकर स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया है कि प्रतिनियुक्ति पर आए कुलसचिव ने 16 मार्च को ही पदभार संभाल लिया है। ऐसे में स्थानांतरित कुलसचिव उक्त कार्यालय में किस मकसद से पहुंचे थे, यह अस्पष्ट है।

Categorized in: