चार वर्ष पहले किया लेमन ग्रास का काम, अधिकारी कह रहे नहीं हुआ ऐसा कोई काम

अंबिकापुर। वन विभाग द्वारा चार वर्ष पूर्व कराए गए काम का ग्रामीणों को भुगतान नहीं मिला है। वन विभाग के कार्यालय का चक्कर काटते थक चुके ग्रामीण त्रस्त होकर भाजपा नेताओं से गुहार लगाए और वन विभाग के कार्यालय में धावा बोला। वरिष्ठ अधिकारियों की अनुपस्थिति में कार्यालय के प्यून को ज्ञापन सौंपा गया।

मामला सरगुजा वन वृत्त अंतर्गत आने वाले बकना खुर्द ग्राम पंचायत का है। वर्ष 2020 में वन विभाग के तत्कालीन सक्षम अधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम नर्मदापारा में लेमन ग्रास लगवाया गया था। इस कार्य में गांव के 36 लोग दस दिन काम किए थे, साथ ही 86 घंटे ट्रेक्टर से जुताई का कार्य भी कराया गया था। दोनों ही कार्य का अब तक कोई भुगतान नहीं किया गया है। ग्रामीण कई बार अधिकारियों के सामने मजदूरी भुगतान को लेकर चक्कर लगा चुके हैं। सरकार बदलने के बाद आज फिर एक बार सभी प्रभावित मजदूर नर्मदापारा के पंच विश्वनाथ पांडेय के नेतृत्व में पूर्व सरपंच रघुत्तम पैकरा, जगदीश पैकरा के साथ एसडीओ कार्यालय पहुंचे थे। वन संरक्षक कार्यालय अपने मजदूरी भुगतान की मांग को लेकर पहुंचे थे। यहां घंटों इंतजार के बाद भी कोई अधिकारी नहीं मिला तो ग्रामीणों ने भाजपा नेता भारत सिंह सिसोदिया को फोन कर वन विभाग कार्यालय बुलाया और अपनी पीड़ा बताई। उन्होंने वन विभाग के एसडीओ को फोन लगाकर ग्रामीणों का मजदूरी भुगतान कराने कहा। एसडीओ फारेस्ट ने बताया कि इस प्रकार का कोई काम विभाग द्वारा स्वीकृत ही नहीं कराया गया है, फिर भी एक बार इस मामले की गहन छानबीन कराई जाएगी। वहीं डीएफओ तेजस शेखर ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत मिली है। मामले की जांच उपरांत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ऐसे हालातों के बीच ऑफिस के प्यून को ज्ञापन सौंपा गया।

Categorized in: