विधायक के भाई के साथ ग्रामीण पहुंचे थे थाना, प्रशिक्षु डीएसपी ने कहा-थाना तुम लोगों के हिसाब से चलेगा क्या?

अंबिकापुर। लखनपुर थाना क्षेत्र के अमेरा कोल खदान क्षेत्र में हुई कोयला व कबाड़ चोरी के मामले में आरोपियों पर डकैती का अपराध दर्ज कर कार्रवाई करनेे को लेकर पुलिस महकमा सुर्खियों में आ गया है। लखनपुर थाना में मंगलवार की शाम अंबिकापुर विधायक के बड़े भाई विजय अग्रवाल काफी संख्या में ग्रामीणों के साथ पहुंचे और थानेदार, प्रशिक्षु अधिकारी के साथ विवाद की स्थिति बन गई। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है, जिसमें हुजूम के साथ थाना पहुंचे विधायक के बड़े भाई सख्त लहजे में थानेदार से बातें करते नजर आ रहे हैं। वहीं मौजूद लोग पुलिस अधिकारी के तेवर को देखकर उनके विरूद्ध नारेबाजी करने में लगे हैं।

विदित हो कि लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले अमेरा खदान से विगत दिनों कोयला व कबाड़ चोरी जैसी घटनाएं सामने आई थी। इस मामले में पुलिस नौ लोगों के विरूद्ध डकैती का केस पंजीबद्ध कर कार्रवाई की थी। चोरी के मामले में डकैती की धारा 395 के तहत की गई कार्रवाई का मामला सामने आने के बाद आरोपियों के स्वजन चिंतित हो गए। पुलिस ने कोयला चोरी के मामले में तो कार्रवाई की ही, खदान क्षेत्र में इनकी पहुंच रोकने के लिए कोयले के अलावा कबाड़, तार जैसे अन्य सामानों की चोरी के मामले में डकैती का केस दर्ज करने लगी। इससे चिंतित ग्रामीण विधायक राजेश अग्रवाल के लखनपुर स्थित निवास में पहुंच गए। विधायक के रायपुर में होने के कारण उन्होंने इनके बड़े भाई विजय अग्रवाल को पुलिस के द्वारा की जा रही मनमानी की जानकारी दी। कहना था कि चोरी के मामले में पुलिस डकैती की धारा के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज रही है। ऐसे में इन्हें भविष्य में चलने वाले केस-मुकदमे के बीच लंबी सजा की चिंता सता रही थी। यह भी कहना था कि न जाने कब के मामले में ग्रामीणों को गिरफ्तार किया जा रहा है और सामानों की जब्ती बताई जा रही है। इनकी बात सुनकर विजय अग्रवाल थाना प्रभारी से बात करने ग्रामीणों के साथ लखनपुर थाना पहुंच गए। यहां पदस्थ प्रशिक्षु डीएसपी शुभम तिवारी से मुलाकात करके उन्होंने ग्रामीणों की बातों को सामने रखा और चोरी के मामले में डकैती का अपराध दर्ज करने को लेकर आपत्ति की। बताया जा रहा है कि इस बात पर प्रशिक्षु डीएसपी भड़क गए और सवाल उठाया कि थाना तुम लोगों के हिसाब से चलेगा क्या? विजय अग्रवाल व अन्य ग्रामीणों को उनके द्वारा कही गई बात उचित नहीं लगी और विरोध जताने लगे तो प्रशिक्षु अधिकारी इन्हें थाना से बाहर करने अधीनस्थों को कहा। इससे नाराज ग्रामीण पुलिस के विरूद्ध नारेबाजी करते हुए थाना से बाहर निकलनेे लगे। वहीं विधायक के भाई विजय अग्रवाल ने थाना प्रभारी को तल्ख लहजे में चेतावनी भी दे डाली। क्षेत्र के लोगों ने पुलिस के व्यवहार के प्रति नाराजगी जताई है। इनका कहना है कि थाना प्रभारी तत्सबंध में किसी प्रकार का निर्णय ले पाने की स्थिति में नहीं थे तो वे उच्च अधिकारियों से बात करने की समझाइश दे सकते थे। इनके द्वारा अभद्रता से पेश आना और थाना से निकालने के लिए मातहतों को कहना उचित नहीं था।

थाना क्षेत्र में लंबे समय से हो रही कोयला चोरी
लखनपुर थाना क्षेत्र के अमेरा खदान से लंबे समय से कोयला चोरी हो रही है। इसमें कहीं ना कहीं जिम्मेदारों की मिलीभगत जैसे आरोप भी पूर्व में लगते रहे हैं। कालांतर में यह कोयला लोगों की जीविका का साधन बन गया और बड़े पैमाने पर ग्रामीण कोयला संग्रहण के काम में लग गए थे। हाल में कोयला संग्रहित करने में लोगों का एक भव्य वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण महिला-पुरूष कोयला एकत्र करते नजर आ रहे थे। यह वीडियो वायरल होने के बाद समाचार की सुर्खियां बना। खदान की सुरक्षा में लगे एक कर्मचारी पर हमला की बात सामने आई और पुलिस ने सख्त तेवर दिखाया था। इधर पुलिस कोयला चोरी के मामले में कार्रवाई के बाद अचानक तांबा का तार सहित अन्य सामानों की बरामदगी का हवाला देकर डकैती का मामला ग्रामीणों पर दर्ज करने लगी जिससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई।

Categorized in: