डॉक्टरी मुलाहिजा के बाद दूसरे दिन भी दोपहर बाद तक रिपोर्ट लिखाने करते रहे इंतजार

गिरिजा ठाकुर

अंबिकापुर। कट मारकर निकले कार सवारों ने स्कूटी सवारों के द्वारा की गई आपत्ति के बाद दबंगई दिखाते हुए मारपीट की घटना को अंजाम दिया। कार सवारों ने बैट और कड़ा से न सिर्फ स्कूटी सवारों से मारपीट की बल्कि चाकू निकालकर एक युवक इन्हें भयभीत करने का भी प्रयास किया। गुरूवार की रात स्कूटी सवार कोतवाली थाना पहुंचे। पुलिस ने इनका डॉक्टरी मुलाहिजा कराया, लेकिन शुक्रवार को दोपहर बाद तक वे रिपोर्ट दर्ज कराने भटकते रहे।

जानकारी के मुताबिक नवापारा निवासी भानु प्रताप सिंह पिता राजेंद्र प्रताप सिंह 31 वर्ष, गुरूवार की रात लगभग नौ बजे अपने दोस्त रामेश्वर नागेश के साथ किसी काम से प्रतीक्षा बस स्टैंड की ओर जाने निकला था। बस स्टैंड के पास वे पहुंचे थे, इसी दौरान एक कार कट मारते हुए आगे बढ़ी, जिससे वे दुर्घटनाग्रस्त होते बचे। स्कूटी सवार रामेश्वर तेज आवाज में गाड़ी सावधानी पूर्वक चलाने कार चालक का ध्यान आकर्षित कराया, इसके बाद कार में सवार सात-आठ युवक इनके पास पहुंचे और बैट, कड़ा से मारपीट करने लगे। युवकों का कहना है कि कार सवार एक युवक के पास चाकू था, जो उनकी ओर तैस में बढ़ रहा था लेकिन इन्हीं के एक साथी ने उसे रोक दिया। अकारण मारपीट से क्षुब्ध दोनों युवक रात लगभग साढ़े 10 बजे कोतवाली थाना पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने इनका डॉक्टरी मुलाहिजा अस्पताल भेजकर कराया लेकिन रिपोर्ट लिखने और कार सवारों का पता लगाने की त्वरित पहल नहीं की गई, इन्हें अगले दिन थाना आने के लिए कहा गया। शुक्रवार को थाना आने के बाद युवक रिपोर्ट लिखवाने दोपहर बाद तक इंतजार करते रह गए। बता दें कोतवाली थाना काफी दिनों से टीआई विहीन है। प्रभारी अधिकारी के द्वारा अपने स्तर पर कार्रवाई तो की जा रही है, लेकिन संवेदनशील मामलों को लेकर गंभीरता देखने को नहीं मिल रही है। रिपोर्टकर्ता आवेदन लेकर पहुंचते हैं, लेकिन त्वरित निर्णय की स्थिति वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन बिना नहीं बन पाती है।

Categorized in: