अंबिकापुर। (छ.ग.फ्रंटलाइन) लखनपुर थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी कुन्नी अंतर्गत ग्राम जमदरा में विवाहिता के द्वारा फांसी लगाकर की गई खुदकुशी के मामले में जांच के बाद पुलिस ने मृतिका के पति, ससुर व सास को गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मृतिका के ससुर ने पुलिस चौकी कुन्नी आकर एक अक्टूबर 2023 को बताया था कि उनकी बहू रुमा यादव मायके मैनपाट जाने के लिए बोल रही थी। मना करने पर गुस्से में आकर कमरे के अंदर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर विवाहिता के खुदकुशी के कारणों की तहकीकात कर रही थी।
मर्ग जांच दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल निरीक्षण कर मौके से साक्ष्य एकत्रित किया था और मृतिका रुमा यादव के स्वजनों का बयान लिया, जिसमें पति नागेंद्र यादव, ससुर गुलाब यादव, सास आरती यादव द्वारा दहेज की मांग कों लेकर प्रताड़ित करने की बात सामने आई। खुदकुशी के मामले में मृतिका के ससुराल पक्ष की संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस मृतिका के पति नागेंद्र यादव 23 वर्ष, गुलाब यादव 42 वर्ष व आरती यादव 40 वर्ष सभी निवासी जमदरा को पकड़कर घटना के संबंध में पूछताछ की और अपराध का प्रमाण सामने आने पर इन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में पुलिस चौकी कुन्नी से प्रधान आरक्षक सुरजीत कोरी, सोनसाय भगत, महिला आरक्षक प्रियंका तिर्की, आरक्षक गोविन्द टोप्पो शामिल रहे।

Categorized in: