बुधवार छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन चार जनवरी से शुरू होगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने बताया कि रेल लाइन के दोहरीकरण के चलते अयोध्या कैंट से बाराबंकी लखनऊ होकर आनंद विहार के बीच चलने वाली यह गाड़ी 6 जनवरी तक सुल्तानपुर होते हुए लखनऊ के रास्ते आनंद विहार तक चलेगी। आनंदविहार से आने वाली ट्रेन भी इसी रूट से गुजरेगी। सात से 15 जनवरी के बीच यह ट्रेन रद्द रहेगी। इसका सामान्य रूट अयोध्या कैंट से बाराबंकी, लखनऊ होते हुए आनंद विहार है। प्रधानमंत्री ने वंदे भारत एक्सप्रेस को 30 दिसंबर को अयोध्या से हरी झंडी दिखाई थी।

इस समय सारणी से चलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस 
अयोध्या कैंट से आनंदविहार के लिए वंदे भारत का ट्रेन नंबर 22425 अयोध्या कैंट से दोपहर 3.20 बजे रवाना होकर शाम सवा पांच बजे चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। यहां से चलकर शाम 6.35 बजे कानपुर सेंट्रल व रात 11.40 बजे आनंदविहार पहुंच जाएगी। वापसी में आनंदविहार से वंदेभारत ट्रेन नंबर 22426 सुबह 6.10 बजे चलकर 11 बजे कानपुर सेंट्रल, दोपहर 12.25 बजे चारबाग स्टेशन व दोपहर ढाई बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।

वंदे भारत एक्सप्रेस का कामर्शियल रन आधिकारिक रूप से चार जनवरी से तय है। इसलिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर सीटों की और बुकिंग शुरू हो गई। आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने दावा किया बुधवार की देर रात तक बुकिंग के लिए विकल्प अपडेट कर दिया जाएगा।

सात से 15 जनवरी तक रद्द रहेगी ट्रेन

कार्मशियल रन शुरू होने के तीन दिन बाद ही एक सप्ताह के लिए यह ट्रेन निरस्त कर दी गई है। ऐसे में यह सात से 15 जनवरी तक निरस्त रहेगी। उत्तर रेलवे के सीपीआरओ दीपक कुमार ने बताया कि वाराणसी अयोध्या-जफराबाद सेक्शन पर लाइन दोहरीकरण की वजह से इसे रद्द करने का निर्णय लिया गया है।

Categorized in: